महेंद्रगढ़। शहर के मुख्य बाजारों में दुकानों के आगे पक्के चबूतरे व सीढियां बनाकर किया गया पक्का अतिक्रमण आमजन के लिए परेशानी बना हुआ है। पक्के अतिक्रमण के कारण शहर की सड़कें तंग हो रही हैं। नगरपालिका लगातार इसके लिए अभियान चला रहा है, लेकिन पक्के अतिक्रमण को हाथ तक नहीं लगा रहे हैं।
शहर में फ्लैक्स बोर्ड, होर्डिंग व बैनर हटाने तक सिमटा नपा का अतिक्रमण हटाओ धरातल पर नजर रहीं आ रहा है। पक्के अतिक्रमण के कारण बाजाराें में जाम की स्थिति बनी रहती है। इस अतिक्रमण के कारण शहर की अच्छी खासी चौड़ी सड़के भी तंग नजर आने लगी हैं।
शहर के परशुराम चौक से मोहल्ला सैनीपुरा तक दुकानदारों ने चबूतरे बनाकर दुकानों के सामने पक्के अतिक्रमण तक कर लिए हैं। परेशानियों के बावजूद भी जिम्मेदार आंख मूंदे बैठे हैं। इसके साथ-साथ चबूतरे के आगे भी सामान रखा हुआ है, जिसके कारण सड़क मार्ग सिकुड़ जाता है। लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। शहर में दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण के कारण सड़कें गली बनकर रह गई हैं। परशुराम चौक से मोहल्ला सैनीपुरा तक विभाग के अनेक अधिकारी गुजरते तो उनको भी जाम से परेशानी का सामना करना पड़ता है। शहर में सबसे अधिक परशुराम चौक, 11 हट्टा बाजार, मोहल्ला कटला, मोहल्ला सैनीपुरा सहित अनेक जगहों पर दुकानदाराें ने दुकान के सामने चबूतरा बनाकर पक्का कब्जा किया हुआ है।
शहर की नगरपालिका के जिम्मेदार पदों पर बैठे अधिकारियों की अनदेखी के कारण लगातार लोगों के हौसले बढ़ रहे हैं। नपा की ओर से लंबे समय से कोई कार्रवाई तक नहीं की गई है। अतिक्रमण हटाओ अभियान भी चलाया जाता है तो केवल होर्डिंग्स, बैनर व रेहड़ियों को उठाने तक सीमित रहता है। पहले शहर का बाजार इतना खुला हुआ था कि इन सड़क मार्गों से दो बसे निकाल जाती थी। लेकिन अब शहर में एक बस का निकलना भी मुश्किल हो रहा है।
-
- वर्जन
अभियान चलाकर दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध रूप से पक्के अतिक्रमण को हटाया जाएगा। इसके अलावा शहर के मुख्य बाजारों में पीली पट्टी लगाई जाएगी। जो भी दुकानदार पीली पट्टी से बाहर अतिक्रमण करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी
-रमेश सैनी, नपा प्रधान महेंद्रगढ़।
फोटो संख्या:-69 बाजाराें में दुकानदारों द्वरा चबूतरे बनाकर कर किया गया कब्जा---संवाद