महेंद्रगढ़। साप्ताहिक लॉकडाउन के दौरान कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए नगर पालिका महेंद्रगढ़ की ओर से सोडियम हाइपोक्लोराइट केमिकल से छिड़काव किया जाएगा। पालिका ने पानीपत से आठ हजार लीटर सोडियम हाइपोक्लोराइट केमिकल मंगवाया है। पालिका के कार्यवाहक चेयरमैन रमेश बोहरा ने बताया कि केमिकल से शहर की हर गली और मोहल्ले, सड़क, बंद दुकानें, प्रतिष्ठान सैनिटाइज होंगे। वीरवार से सैनिटाइजेशन का काम शुरू हो जाएगा।
----------------------------
फैक्ट फाइल
नगरपालिका में कुल वार्ड: 15
शहर की आबादी : 35 हजार
कुल हाउसहोल्ड (मकान) : 12500
-----------------------------
ये चीजें होंगी सैनिटाइज
सात फीट ऊंची दीवार की सतह को एक प्रतिशत हाइपोक्लोराइट से छह घंटे में एक बार साफ किया जा सकता है। बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, गली-मोहल्ला एवं सार्वजनिक परिवहन वाली जगहों पर अधिक जोर होगा।
क्या है सोडियम हाइपोक्लोराइट
देश में कोरोनावायरस के इंफेक्शन से निपटने के लिए सोडियम हाइपोक्लोराइट केमिकल का छिड़काव किया जा रहा है। सोडियम हाइपोक्लोराइट (एनएसीएलओ) एक हरे या पीले रंग का एक तरल पदार्थ होता है। यह एक स्ट्रांग ऑक्सीडाइजिंग एजेंट है। सोडियम हाइपोक्लोराइट एक सोडियम (एनए) एटम, एक क्लोरीन (सीएल) एटम और एक ऑक्सीजन (ओ) से मिलकर बनता है।
------------------------------------
पानीपत से आठ हजार लीटर सोडियम हाइपोक्लोराइट मंगवाया गया है। यह केमिकल काफी कारगर है। जरूरत पड़ने पर और केमिकल मंगाया जाएगा। - प्रदीप कुमार, नपा सचिव
पिछले दो दिनों से शहर में सैनिटाइजेशन का कार्य चल रहा है। कुछ वार्डों को सैनिटाइज करवाया भी गया है। बढ़ते संक्रमण को लेकर सैनिटाइज का कार्य आगे भी जारी रहेगा। पूरे शहर को सैनिटाइज करवाया जाएगा।-रमेश बोहरा, नपा चेयरमैन, महेंद्रगढ़।
सोडियम हाइपोक्लोराइट के प्रयोग से पहले इनका रखना होगा ध्यान:
क्लोरीन घोल का डिस्इंफेक्टेंट घोल हर रोज ताजा बनाया जाना चाहिए। अधिक देर तक रोशनी में रहने से यह खराब हो जाता है।
मुंह पर तौलिया बांध कर निर्धारित मात्रा से कम शक्ति का घोल बनाने पर यह बेअसर हो जाएगा। यह सांस में भी चला जाए तो इससे नाक, गले और सांस की नली में दिक्कत हो सकती है। नर्वस सिस्टम को भी नुकसान पहुंच सकता है।
इसलिए कोशिश हो कि सतर्कता के साथ छिड़काव किया जाए। सोडियम हाइपोक्लोराइट का केवल निर्जीव वस्तुओं पर ही छिड़काव किया जाना चाहिए। सड़क, दीवार, गेट व फर्श को छोड़ अन्य सजीव वस्तुओं, यहां तक कि पेड़-पौधों पर भी इसका छिड़काव घातक है।
वार्ड नं. 6 को किया सैनिटाइज
महेंद्रगढ़। नगरपालिका महेंद्रगढ़ की ओर से वार्ड नं. 6 को सैनिटाइज करवाया गया। वार्ड पार्षद अमित मिश्रा ने स्वयं मोहल्ला कटला, गली दर्जियान, मोहल्ला चौक, आर्य समाज मंदिर, टेलीफोन एक्सचेंज, मंदिर मोहनलाल, नाइयों की गुवाडी, जवाहरनगर, मोदाश्रम रोड समेत पूरे वार्ड को सैनिटाइज किया।
पार्षद अमित मिश्रा ने कहा कि यह महामारी दिन प्रतिदिन अपने पैर पसारती जा रही है। हम सबको नियमित रूप से मास्क और सैनिटाइजर का प्रयोग करते रहना चाहिए। संवाद