फोटो संख्या:70-कनीना के सुजान सिंह पार्क में सिंचाई के लिए स्थापित क्षतिग्रस्त सबमर्सिबल मोटर क
कनीना। नगर पालिका ने नगर की सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर नागरिकों से सहयोग की अपील की है। पालिका प्रशासन ने कहा कि पार्क, सड़कें, स्ट्रीट लाइट, पेयजल व्यवस्था, सार्वजनिक शौचालय और अन्य सरकारी सुविधाओं के रखरखाव के लिए लगातार काम किया जा रहा है लेकिन इनकी सुरक्षा में नागरिकों की भागीदारी जरूरी है।
नगर पालिका प्रधान डॉ. रिंपी लोढ़ा ने बताया कि हाल ही में बाबा मोलड़ नाथ मंदिर के सामने स्थित सुजान सिंह पार्क में सिंचाई के लिए लगाई गई सबमर्सिबल मोटर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने नुकसान पहुंचाया। इस घटना से पार्क की देखभाल प्रभावित हुई और नगर पालिका को आर्थिक नुकसान भी हुआ।
उन्होंने कहा कि सभी सार्वजनिक सुविधाएं जनता के धन से बनाई जाती हैं इसलिए इनकी रक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि कोई व्यक्ति सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाते, तोड़फोड़ या चोरी करते हुए दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना नगर पालिका अधिकारियों या अध्यक्ष को दी जाए, ताकि समय पर कानूनी कार्रवाई हो सके।
डॉ. लोढ़ा ने कहा कि नागरिकों की जागरूकता और सहयोग से ही नगर की संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है और विकास कार्यों को गति मिल सकती है। उन्होंने लोगों से नगर हित में सतर्क रहने और सार्वजनिक संपत्तियों को अपनी संपत्ति समझकर उनकी रक्षा करने की अपील की।