कनीना। पूर्व सरपंच विक्रम हत्याकांड मामले में शुक्रवार को पुलिस पूछताछ के लिए रिमांड पर लिए गए आरोपियों को निशानदेही के लिए घटनास्थल पर लेकर गई। जहां पर आरोपियों को चरखी दादरी, भिवानी सहित अन्य स्थानों पर ले जाया गया।
बता दें कि गांव धनौंदा में पुरानी रंजिश के चलते 21 सितंबर की रात को तेजधार हथियारों से हमला करके और गोली मारकर पूर्व सरपंच विक्रम की हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद परिजनों ने 6 नामजद सहित चार-पांच अन्य के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी थी। पुलिस ने वीरवार को एक नाबालिग सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। जिनमें से एक नाबालिग को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है वहीं चार आरोपियों को पूछताछ के लिए पांच दिनों के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
डीएसपी राजीव कुमार, थाना प्रभारी संतोष कुमार, स्पेशल स्टाफ इंचार्ज अनिल कमांडो, सब इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिए गए चार आरोपियों को शुक्रवार को निशानदेही के लिए ले जाया गया था। जिनसे वारदात को अंजाम देने वाले हथियारों और अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी और उनके अन्य साथियों के बारे में पता लगा लिया जाएगा।