फोटो 3नांगल चौधरी में 132 केवी का बिजली टावर आंधी के बाद जमीन पर टूट गिरा।संवाद
नांगल चौधरी। नांगल चौधरी में 132 केवी के टावर सहित 40 से अधिक बिजली के खंभे शनिवार रात आंधी व बारिश में टूट गए। इससे नांगल चौधरी सहित आसपास के गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जो रविवार दोपहर बाद ही सामान्य बहाल हो सकी।
सेका मंढ़ाना से नांगल चौधरी तक बिछाई गई 132 केवी की लाइन का रविवार को टेस्टिंग होना था। लाइन करीब 20 किलोमीटर लंबी है, लेकिन इससे पहले ही आंधी व बारिश ने पानी फेर दिया। इस नई लाइन को पुरानी लाइन के ठीक ऊपर से क्रॉस करते हुए डाला गया था। जब इस लाइन का टावर गिरा तो नीचे से गुजर रही पुरानी लाइन को भी चपेट में लिया। इससे शॉर्ट सर्किट हो गया। इस वजह से पूरे इलाके की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।
इससे गर्मी और अंधेरे में लोगों को रात काटनी पड़ी। जानकारी मिलते ही विभागीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। व्यवस्था को सुचारू करने में जुट गए। नांगल चौधरी क्षेत्र में बिजली सप्लाई बाधित न हो इसके लिए नई लाइन डाली जा रही थी, ताकि एक लाइन खराब हो जाए तो इस नई लाइन से बिजली सुचारू रूप से चालू रखा जा सके। जिसका कार्य लगभग पूरा हो चुका था। इस लाइन का रविवार को पहली बार टेस्टिंग उद्घाटन होना था।
नांगल दर्गु और ढाकोड़ा की लाइन को ज्यादा नुकसान
शनिवार रात आई आंधी में नांगल चौधरी कस्बे में काफी नुकसान हुआ है। इस दौरान कस्बे में 40 से अधिक पेड़ टूट गए। वहीं 40 बिजली के खंभे भी टूट गए। कई घरों के टिन शेड को भी नुकसान हुआ है। वहीं नांगल दर्गू व ढाकोड़ा की लाइन में ज्यादा नुकसान हुआ है। इन्हें युद्वस्तर पर कर्मचारी ठीक कर रहे हैं।
वर्जन:
आंधी के कारण करीब 40 से अधिक खंभे गिर गए। साथ ही कई लाइनों के तार टूट गए। इसके कारण बिजली सप्लाई बाधित हो गई, लेकिन युद्ध्स्तर पर लाइनों को ठीक करने का कार्य किया जा रहा हैं। कई लाइन को ठीक कर सप्लाई शुरू कर दी है। शेष क्षतिग्रस्त लाइन को ठीक किया जा रहा है।-जितेंद्र डांगी, जेई बिजली निगम नांगल चौधरी।