महेंद्रगढ़। गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर शहर के मंदिरों में तैयारियां तेज हो गई हैं। विभिन्न मंदिर कमेटियों की ओर से बैठकें आयोजित कर उत्सव की व्यवस्थाओं पर चर्चा की जा रही है। सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी जा रही हैं। खास बात यह है कि गणेश उत्सव की तैयारियों में युवा भी उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं।
शहर के प्राचीन हनुमान मंदिर फुलचंद, प्राचीन शिव मंदिर सैनीपुरा, मोहल्ला राठोड़ान, नया खटीकान और मोहल्ला सराय सहित कई मंदिरों में गणेश उत्सव मनाया जाएगा। इसके अलावा श्रद्धालु अपने घरों में भी गणपति की स्थापना करेंगे।
प्राचीन शिव मंदिर सैनीपुरा के प्रधान कैलाश चंद सैनी और सूरज ने बताया कि 14 सितंबर से शुरू होने वाला गणेश उत्सव 25 सितंबर तक चलेगा। शुक्रवार देर शाम मंदिर में बैठक कर आयोजन से जुड़ी जिम्मेदारियां सदस्यों को दी गईं। मंदिर परिसर की साफ-सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। युवा सफाई के साथ सजावट और पंडाल तैयार करने में जुटे हैं।
उन्होंने बताया कि मंदिर में गणपति स्थापना के लिए स्थान तैयार किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठने, प्रसाद वितरण और पूजा-अर्चना की व्यवस्था भी की जा रही है। पंडाल को आकर्षक रूप देने के लिए विशेष थीम तैयार की जा रही है। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाने की भी योजना है।
कमेटी सदस्यों ने बताया कि उत्सव के दौरान प्रतिदिन धार्मिक कार्यक्रम, पूजा और आरती आयोजित की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने और उत्सव को शांतिपूर्ण ढंग से सफल बनाने में सहयोग की अपील की।