फोटो 05 सेवा विभाग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित करते विधायक।
नारनौल। संतों और महापुरुषों के विचार आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन का मार्गदर्शन हैं। युवाओं को उनके बताए रास्ते पर चलकर अच्छे समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए। यह बात विधायक ओमप्रकाश यादव ने सोमवार को लघु सचिवालय के मीटिंग हॉल में आयोजित जिलास्तरीय कार्यक्रम में कही।
कार्यक्रम मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में महान संतों की परंपराओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। इसकी शुरुआत चंडीगढ़ स्थित कबीर कुटीर में हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम के एलईडी पर प्रसारण से हुई। इस दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने विधायक को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।
यादव ने कहा कि रामायण केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की सीख देने वाला मार्गदर्शक है। भगवान श्रीराम ने अपने जीवन से मर्यादा, आदर्श और अच्छे आचरण का संदेश दिया। यही कारण है कि रामायण आज भी प्रासंगिक है। कार्यक्रम में सेवा विभाग की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।