महेंद्रगढ़। जिला के कुल 9 राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों की विभिन्न ट्रेडों की कुल 2572 सीटों पर प्रवेश के लिए विद्यार्थी 30 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। इस बार कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विकास विभाग द्वारा जिला के 9 संस्थानों में एनसीवीटी (राष्ट्रीय स्तर) की 2228 एवं एससीवीटी (राज्य स्तरीय) कुल 344 सीटें निर्धारित की गई हैं। वहीं विभाग द्वारा पोर्टल पर आवेदन में विद्यार्थियों के सामने आ रही परेशानियों को दूर करने के लिए हेल्प डेस्क का भी ऑप्शन भी जोड़ा गया है जो विद्यार्थियों के समक्ष आवेदन में आ रही परेशानियों को दूर करने में सहायक होगा। विद्यार्थी ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी समस्या का विवरण दर्ज कर समाधान करा सकेंगे। रविवार तक प्रदेशभर के करीब 25 हजार विद्यार्थी पंजीकरण करा चुके हैं जिनमें से करीब 12 हजार विद्यार्थियों के दस्तावेजों की जांच की जा चुकी है।
- नारनौल व महेंद्रगढ़ में सबसे अधिक सीटें
नारनौल व महेंद्रगढ़ दोनों ही संस्थाना जिला के मुख्य संस्थान हैं जिसके कारण इनमें सीटों एवं ट्रेडों की संख्या भी अधिक रहेगी। नारनौल में 21 ट्रेडों की 37 यूनिटों में 804 एनसीवीटी एवं एससीवीटी की 2 यूनिटों की 44 सीटें निर्धारित की गई हैं। जबकि महेंद्रगढ़ संस्थान की 20 ट्रेडों की 29 यूनिटों पर एनसीवीटी की 628 तथा एससीवीटी की दो यूनिटों पर 24 सीटें निर्धारित की गई हैं।
- सतनाली व सेहलंग संस्थानों को है ट्रेड व सीटों का इंतजार
सतनाली आईटीआई व सेहलंग स्किल सेंटर को अभी भी सीटों एवं ट्रेडों का इंतजार है। दोनों ही स्थानों पर भवन बनकर तैयार हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है लेकिन इन दोनों ही संस्थानों में दाखिले के लिए पोर्टल पर किसी भी प्रकार की जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है। इन संस्थाओं में न ही तो पोर्टल पर ट्रेडों व न ही सीटों की संख्या दी गई है जिसके कारण विद्यार्थियों में भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
--------------------------------
बॉक्स...........
-यह है जिला के संस्थानों में ट्रेड़ों एवं सीटों की संख्या:
आईटीआई ट्रेड एनसीवीटी सीट एससीवीटी सीट
महेंद्रगढ़ 20 628 40
नारनौल 21 804 44
भोजावास 6 80 44
डेरोली अहीर 3 84 --
मालड़ा बास 7 128 24
सहबाजपुर 5 128 20
सुजापुर 5 40 104
महेंद्रगढ़ महिला 5 180 24
नारनौल महिला 6 156 44
-------------------------------------------
- इस बार नहीं होगी परेशानी:
आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के समक्ष आने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए संस्थानों में हेल्प डेस्क लगाए गए हैं। पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर शीघ्र समाधान किया जा रहा है। संस्थानों में आने वाले विद्यार्थियों को कोविड नियमों का पालना करना अनिवार्य है। -राकेश सैनी इंचार्ज आईटीआई, डेरोली अहीर