एचएसईबी वर्कर्स यूनियन द्वारा शुक्रवार को बिजली विभाग कार्यालय में प्रधान राजेंद्र यादव की अध्यक्षता में गेट मीटिंग की। बैठक में निगम कर्मियों की उचित मांगों को सरकार द्वारा पूरा किये जाने की मांग की।
प्रधान राजेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री, बिजली मंत्री, मुख्य सचिव व निगम प्रबंध निर्देशक से यूनियन की कई दौर की वार्ता हो चुकी है। वार्ता में अधिकतर मांगों को शीघ्र लागू करने का आश्वासन तो मिला, लेकिन न्यायोचित मांगों को पूरा करने की बजाय उल्टा प्रदेश सरकार व निगम प्रशासन ने कर्मचारी विरोधी नीतियों को लागू करना तेज कर दिया है। जिससे बिजली कर्मियों में भारी रोष है। प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी व अधर्मी का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए एचएसईबी वर्कर यूनियन ने आंदोलन की घोषणा की है।
प्रधान ने कहा कि अगर सरकार समय रहते यूनियन की मांगों पर ध्यान नहीं देती है तो आगामी 22 फरवरी को पूरे हरियाणा में हड़ताल की जाएगी और फिर भी सरकार अपनी हठधर्मिता नही छोड़ती है तो यह हड़ताल अनिश्चितकालीन की जा सकती है। इस धरना प्रदर्शन में जेई अनिल कुमार शर्मा, प्रवीण कुमार, आनंद शर्मा, दयाराम, ओमप्रकाश, नरेश कुमार, रविंद्र कुमार, भारत यादव, भगवान सिंह, उमेद सिंह, करण सिंह व मनोज कुमार आदि कर्मचारी उपस्थित रहे।