नारनौल। वर्तमान युग में प्रचलित पशुधन संबंधित आधुनिक, वैज्ञानिक तथा तकनीकी ज्ञान से पशुपालकों को रूबरू कराने के लिए प्रदेश सरकार 25 फरवरी से भिवानी में राज्य पशुधन प्रदर्शनी का आयोजन कर रही है। यह प्रदर्शनी 27 फरवरी तक चलेगी और प्रदर्शनी के दौरान पशुओं की 53 प्रकार की प्रतियोगिताओं का भी आयोजन होगा। इस मेले में जाने के इच्छुक पशुपालक व उसके पशु को ले जाने की व्यवस्था विभाग द्वारा की जाएगी।
उपायुक्त श्याम लाल पूनिया ने बताया कि हरियाणा के पशुपालन एवं डेयरी विभाग की ओर से भिवानी के सेक्टर 13 के पास हुडा ग्राउंड में 38वीं राज्य पशुधन प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी के दौरान आयोजित की जाने वाली प्रतियोगिता में अव्वल आने वाले पशुओं को विभाग की ओर से इनाम दिए जाएंगे। इस मेले को रोमांचकारी बनाने के लिए ऊंट व घोड़ों के करतब भी होंगे और पशुओं का रैंप शो भी आयोजित किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के अलावा कृषि, पशुपालन और बागवानी से संबधित नई तकनीकों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। इस प्रदर्शनी से किसान परंपरागत खेती से अलग हटकर खेती करने के लिए प्रोत्साहित होंगे।