गांव बवाना निवासी गौरव हत्या कांड को छह माह बीतने के बाद पांच हजार इनामी बदमाश को पुलिस ने काबू कर लिया। आरोपी गौरव हत्या कांड के बाद फरार चल रहा था। आरोपी की पहचान गांव मालड़ा निवासी अजय उर्फ भंडारी के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में शामिल छह आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी अजय को कनीना के उन्हानी मोड़ से काबू किया है।
बता दें कि 9 अक्तूबर 2021 को गांव बवाना निवासी गौरव की मालड़ा नहर के पास छह-सात बदमाशों ने बाइक रुकवाकर लाठी डंडों से घायल कर दिया था। मृतक के दादा देवेंद्र की शिकायत पर छह नामजदों व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। उप पुलिस अधीक्षक राजीव के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन कर जांच आरंभ कर दी थी।
इनकी हो चुकी है पहले ही गिरफ्तारी
कनीना सदर थाना प्रभारी निरीक्षक ब्रह्मप्रकाश ने बताया कि गौरव हत्याकांड में शामिल आरोपी विक्की उर्फ फुकरा, रवि उर्फ लंगड़ा, सतेंद्र उर्फ सत्ते, हर्ष उर्फ संदीप और योगेश उर्फ मोहन को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने पूछताछ में 2 डंडे और दो मोबाइल बरामद किए थे। हत्याकांड में शामिल आरोपी अजय छह माह से फरार चल रहा था जिस पर पुलिस द्वारा पांच हजार का इनाम रखा हुआ था। वारदात में शामिल अन्य आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।