- दातौली पीएमश्री स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा से विद्यार्थी बोले- बदहाल हैं शौचालय
संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर। दातौली के पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने स्कूल की मूलभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने बदहाल शौचालयों की शिकायत की। विद्यार्थियों ने कहा, सर, हमारे शौचालय देखिए, हर समय दुर्गंध रहती है।
इस पर शिक्षा मंत्री ने प्राचार्य से जवाब मांगा। प्राचार्य ने बताया कि कुछ शरारती बच्चों ने एग्जॉस्ट तोड़ दिया है। स्कूल में लगी पानी की टोंटियां भी चोरी कर ली गई हैं। शिक्षा मंत्री ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और पढ़ाई के स्तर के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ शौचालयों और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा विज्ञान लैब सहित अन्य स्थानों का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, ग्रिवेंस कमेटी के सदस्य विकास त्यागी, खंड शिक्षा अधिकारी सुरजीत घणघस, प्राचार्य विवेक शर्मा, सुनील ढाका सहित अन्य मौजूद रहे।
दुष्प्रचार कर रहा विपक्ष
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति को लेकर विपक्षी दल दुष्प्रचार कर रहे हैं। सरकार स्कूलों की व्यवस्थाओं में लगातार सुधार कर रही है।
जल्द शुरू होगा ट्रांसफर ड्राइव
महिपाल ढांडा ने कहा कि स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए जल्द ट्रांसफर ड्राइव शुरू किया जाएगा। इससे जरूरत के अनुसार शिक्षकों की व्यवस्था की जा सकेगी।
11 दिन में कई संस्थानों का निरीक्षण
शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से वह पिछले 11 दिनों में कई प्रमुख शिक्षण संस्थानों का औचक निरीक्षण कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी शिक्षण संस्थानों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
खानपुर मेडिकल कॉलेज की घटना पर कमेटी गठित
खानपुर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों के साथ छेड़छाड़ के मामले में उन्होंने कहा कि कमेटी गठित कर दी गई है और उससे रिपोर्ट मांगी गई है। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सोनीपत के गन्नौर खंड में दातौली गांव के सरकारी स्कूल में निरीक्षण के दौरान विज्ञान लैब में परीक- फोटो : samvad