जिले में लगातार आ रहे कोरोना संक्रमितोें के कारण सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का डाटा कलेक्ट किया जाने लगा है। सोमवार से अलग-अलग क्षेत्रों में ड्यूटियां लगाई जाएंगी। सोमवार तक पहले की तरह हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए जाएंगे।
नारनौल सामान्य अस्पताल का कोविड सेंटर तैयार है, जबकि आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज पटिकरा को दोबार कोविड सेंटर बनाए जाने के लिए उपायुक्त को लिखा जा चुका है। दो से तीन दिन में यह केंद्र भी शुरू कर दिया जाएगा। तेजी से बढ़ रहे केसों को देखते हुए सिविल सर्जन ने सभी सरकारी अस्पताल के इंचार्ज को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। ऑक्सीजन प्लांट पहले से शुरू किया जा चुका है। दूसरा ऑक्सीजन प्लांट का कनीना में काम चल रहा है। जिले में फिलहाल 28 कोरोना एक्टिव केस हैं। दूसरी ओर बढ़ रहे मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग नागरिक अस्पताल, उप नागरिक अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी की सेवाओं के तुरंत मजबूत करने में जुटा हुआ है।
मरीज दस दिन की बजाय सात दिन होंगे क्वारंटीन
सरकार के आदेश जारी होने के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग ने भी कोरोना संक्रमित मरीजों के क्वारंटीन के दिन घटा दिए हैं। अब मरीज दस की बजाय सात दिन ही होम क्वारंटीन रहेंगे। अगर किसी मरीज को सात दिन बाद भी खांसी, जुकाम रहता है तो उसकी दोबारा सैंपलिंग की जाएगी। अगर सात दिन बाद मरीज स्वस्थ हो जाता है तो उसको दोबारा जांच करवाने की जरूरत नहीं होगी।
अस्पताल में कोविड सर्टिफिकेट के बाद दी जा रही है एंट्री
अस्पताल में कोविड को देखते हुए सख्ती बरती जा रही है। सरकार के आदेशों का पालन करते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग ने ओपीडी के मुख्य गेट पर कर्मचारी तैनात किए हैं। कर्मचारी प्रतिदिन मास्क एवं कोविड सर्टिफिकेट चेक कर रहे हैं। बिना मास्क एवं कोविड सर्टिफिकेट के किसी भी मरीज को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा। इसके अलावा अस्पताल के सभी गेट बंद कर दिए गए हैं। मात्र एक गेट से ही एंट्री की जा रही है।
ये हैं संसाधन
जिले में कुल बेड-562
ऑक्सीजन बेड (कंसन्ट्रेटर)-281
वेंटिलेडर बेड- 36
ऑक्सजीन सिलिंडर-652
सेंटर कुल बेड ऑक्सीजन बेड वेंटिलेटर बेड
नारनौल 100 20 21
आयुर्वेदि मेडिकल कॉलेज 220- 88- 10
महेंद्रगढ़ 25-17- 05
कनीना 30 -16 - 00
नांगल चौधरी 11- 12 - 00
अटेली 26 - 14 - 00
पहली एवं दूसरी लहर की तुलना में हम बेहतर स्थिति में हैं। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। जिले में ऑक्सीजन, वेंटीलेटर, आईसीयू वार्ड सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। सरकार ने होम क्वारंटीन की अवधि भी दस से घटाकर सात दिन कर दी है। डॉ. अशोक कुमार, सिविल सर्जन, महेंद्रगढ़।