नारनौल। रेवाड़ी रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में बुधवार को साढ़े तीन बजे सुरक्षा गार्ड की बंदूक से गलती से गोली दग गई। गोली मुख्य गेट के पास लगे शीशे को तोड़ते हुए बाहर निकल गई। इस दौरान बैंक में खाताधारक नहीं थे। ऐसे में किसी को गोली नहीं लगी। घटना के बाद बैंककर्मियों में अफरातफरी मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई थी।
सुरक्षा गार्ड चंद्रभान सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त है। वह पिछले दस महीने से एसबीआई बैंक में बतौर सुरक्षा गार्ड नौकरी कर रहा है। गार्ड ने टेबल पर अपनी बंदूक रखी थी। इस दौरान उसका गलती से ट्रिगर पर हाथ लग गया और गोली चल गई। गोली शीशे का तोड़ती हुई बाहर निकल गई। फायरिंग की आवाज सुनकर बैंककर्मियों में अफरातफरी मच गई। बैंक के कर्मचारी एकत्रित होकर पूछताछ करने लगे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। मौके से एक खोल बरामद किया है। पुलिस ने जांच में जुटी हुई थी। अभी तक किसी की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई थी।
गार्ड की लापरवाही आई सामने
बंदूक से गोली चलने से सुरक्षा गार्ड की लापरवाही सामने आई है। सुरक्षा गार्ड ने बंदूक को लॉक नहीं किया हुआ था। इसी वजह से ट्रिगर के हाथ लगते ही गोली चल गई। गनीमत रही कि किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई ।
दस दिन से चर्चा में हैं बैंक
पिछले दस दिनों से नारनौल के बैंक चर्चा में चल रहे हैं। 19 अप्रैल को पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा में दी वार तोड़कर चोरी करने के प्रयास को लेकर चर्चा में रही। इसके बाद 25 अप्रैल को एक्सिस बैंक के बाहर लगे एटीएम अज्ञात चोर चोरी कर ले गए और अब गार्ड से गोली चलने को लेकर चर्चा में रहा।
-
पुलिस को रेवाड़ी रोड एसबीआई बैंक में गोली चलने की सूचना मिली थी। सूचना पाकर पुलिस ने मौका मुआयना किया तथा एक खोल भी बरामद किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।- संतोष कुमार थाना प्रभारी, सिटी।