नारनौल के हुडा सेक्टर के एक पार्क में करीब तीन फीट तक बारिश का पानी भरा होने से 9 वर्षीय मासूम की डूबने से मौत हो गई। वह घर से मंगलवार शाम करीब सात बजे खेलने निकला था। इसके बाद घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने तलाश शुरू की। देर रात उसके कपड़े पार्क के बाहर ग्रिल पर लटकते हुए दिखाई दिए। परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी और शव को नारनौल के नागरिक अस्पताल भिजवाया गया। चिकित्सकों ने बुधवार सुबह पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
नारनौल के मोहल्ला मोती नगर निवासी धर्मेंद्र कुमार का 9 वर्षीय बेटा मनीष मंगलवार शाम को घर से खेलने बाहर निकला। जब वह देर रात तक घर नहीं आया तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और अपने स्तर पर बच्चे की तलाश शुरू की, लेकिन बच्चे का कहीं पता नही चला। देर रात हुडा सेक्टर एक में बने पार्क के पास पहुंचे तो ग्रिल पर उसके कपड़े लटकते दिखाई दिए। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पार्क के अंदर देखा तो मनीष मृत हालत में पड़ा था। उसे पानी से बाहर निकाला और नागरिक अस्पताल में शव को रखवाया गया। बुधवार सुबह चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
हुडा के ज्यादातर पार्कों में भरा बारिश का पानी, जिम्मेदार मौन
हुडा सेक्टर में बने ज्यादातर पार्कों में बारिश का पानी दो से तीन फीट भरा हुआ है, लेकिन नगर परिषद की तरफ से पार्कों का पानी अब तक नहीं निकाला गया है। वहीं लगातार जलभराव रहने से मच्छर भी पनप रहे हैं। इससे डेंगू होने का खतरा भी बढ़ रहा है। अगर समय रहते नगर परिषद ने जलभराव वाले पार्कों का पानी नहीं निकाला तो हालात ज्यादा खराब हो सकते हैं।
अधिकारी के अनुसार
हुडा सेक्टर में एक पार्क में बच्चा डूबने की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मृतक बच्चे के परिजनों ने किसी पर शक जाहिर नहीं किया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर इत्तफाकिया कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
-प्रवीण, इंस्पेक्टर सिटी थाना नारनौल।
पार्कों में भरे बारिश के पानी को पंप सेट की मदद से बाहर निकाला जाएगा। वहीं पार्कों में दवा का भी छिड़काव किया जा रहा है।
-दीपक गोयल, ईओ नगर परिषद नारनौल।