महेंद्रगढ़। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बीसी सम्मान सम्मेलन से जहां प्रदेशभर के पिछड़ा वर्ग को साधने का काम किया, वहीं भाजपा के दिग्गज नेताओं को भी वे एकजुट कर गए। अमित शाह के कार्यक्रम में प्रदेश के मंत्री, सांसद व विधायक एक मंच पर नजर आए। केंद्रीय राज्य मंत्री व सिंचाई मंत्री और नांगल चौधरी से विधायक डॉ. अभय यादव भी एक मंच साझा करते दिखे। इन नेताओं ने शीर्ष नेतृत्व के सामने केवल सरकार की उपलब्धियों का बखान किया।
हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में मंगलवार को आयोजित बीसी सम्मान सम्मेलन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने मंच के माध्यम से दक्षिणी हरियाणा के अहीरवाल क्षेत्र के साथ-साथ प्रदेशभर के पिछड़ा वर्ग का वोटबैंक साधने का प्रयास किया।
हाल ही में भाजपा सांसद की जीत के बाद धन्यवादी कार्यक्रमों में शामिल हुए राव इंद्रजीत पार्टी में भितरघात का जिक्र करते रहे हैं, लेकिन मंगलवार को वे भी दक्षिणी हरियाणा के भाजपा के समर्थन का जिक्र करते नजर आए। राव ने कहा कि यहां के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सभी सीटें भाजपा के पक्ष में दी हैं, और यहां के ओबीसी व बीसी वर्ग ने शुरू से ही भाजपा को पूर्ण समर्थन दिया है। जिले के लोगों को सरकार ने भी पूरा सहयोग किया है। राव इंद्रजीत ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछड़ा वर्ग के लिए आयोग का गठन करते हुए सार्थक कदम उठाए हैं।
एक घंटे देरी से पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री
गृहमंत्री अमित शाह के आगमन का समय 11 बजे तय था। लेकिन, वे 12 बजे हैलिपेड पर उतरे। यहां मुख्यमंत्री सहित प्रदेशभर से पहुंचे मंत्रियों व सांसदों के साथ-साथ स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। अमित शाह ने भाजपा सरकार के पिछड़ा वर्ग के हितों में लिए गए फैसलों का जिक्र किया। साथ में वे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा पर भी जमकर बरसे।
कार्यक्रम में यह नेता रहे मौजूद
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, विधानसभा उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा, हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य मंत्री डॉ. बनवारीलाल, पंचायत एवं विकास मंत्री महिपाल ढांडा, शहरी निकाय मंत्री सुभाष सुधा, शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा, सिंचाई मंत्री डॉ. अभय सिंह यादव, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, वित्त मंत्री जेपी दलाल, बिजली मंत्री रणजीत चौटाला, वन मंत्री संजय सिंह, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, सांसद धर्मबीर सिंह व पूर्व शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा सहित हरियाणा के मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद, डीजीपी शत्रुजीत कपूर, सीपीएससीएम राजेश खुल्लर, एपीएस सीएम डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, सूचना, जनसम्पर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक मंदीप सिंह बराड़ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
फोटो संख्या:76- हकेंवि में आयोजित बीसी सम्मान समारोह में उपस्थित महिलाएं--स्रोत--संवाद