ओवरलोड वाहनों की जांच कर रही आरटीए विभाग की टीम के साथ कुछ लोगों ने हाथापाई की। इस मामले में नांगल चौधरी पुलिस ने एएसआई जसवंत सिंह की शिकायत पर एक नामजद सहित 20-25 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
नांगल चौधरी पुलिस को दी शिकायत में आरटीए विभाग के एएसआई जसवंत सिंह ने बताया कि मंगलवार को वह सिपाही नवीन कुमार, जोगिंद्र सिंह और कुलदीप यादव के साथ करीब 11 बजे पांचनोता स्थित एक स्टोन क्रशर के पास ओवरलोड वाहनों की जांच कर रहा था। इस दौरान एक गाड़ी आई, जिसमें क्षमता से अधिक पत्थर भरा हुआ था। जांच के लिए गाड़ी को रोकी तो स्टोन क्रशर के गेट पर बैठे 20-25 व्यक्तियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की। वहीं पत्थर लेकर जा रहे गाड़ी के चालक ने भी सरकारी गाड़ी को पीछे से टक्कर मारकर अपनी ओवरलोड गाड़ी क्रशर के अंदर लेकर चला गया। वहां पर मौजूद लोगों ने टीम को अंदर नहीं जाने दिया। इस दौरान धक्का-मुक्की करने वालों में एक व्यक्ति ने खुद को गाड़ी का मालिक उदयवीर बताते हुए धमकी दी कि अगर भविष्य में उसकी गाड़ी पकड़ी तो जान से मार देगा। इसके बाद उसने नांगल चौधरी थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक नामजद सहित 20-25 अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।