फोटो नंबर-06कार्यक्रम के दौरान विजेता छात्रा को सम्मानित करते अतिथि। स्रोत: विभाग
नारनौल। टैगोर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वीरवार को जिलास्तरीय विज्ञान सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार का विषय ‘भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047 : संभावनाएं और चुनौतियां’ रहा। सूरज स्कूल नारनौल की सौम्या यादव ने प्रथम और नव ज्ञान ज्योति स्कूल मांदी की दिव्या ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
विद्यार्थियों ने नवीकरणीय ऊर्जा, परमाणु ऊर्जा, ऊर्जा भंडारण और परिवहन के विद्युतीकरण जैसे विषयों पर प्रस्तुतियां दीं। जिला विज्ञान विशेषज्ञ रवींद्र कुमार ने बताया कि दोनों विजेता विद्यार्थी 15 सितंबर को एससीईआरटी गुरुग्राम में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में महेंद्रगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) गुरुग्राम के तत्वावधान में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय नारनौल की ओर से सेमिनार आयोजित किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विश्वेश्वर ने विजेता विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया और सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिए।
डॉ. विश्वेश्वर कौशिक ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, खोज और रचनात्मकता को बढ़ावा देना है। सेमिनार विद्यार्थियों को नए विषयों पर सोचने और अपने विचार आत्मविश्वास से रखने का अवसर देता है।