यादव धर्मशाला में यादव सभा के सौजन्य से सेना में अहीर रेजिमेंट के गठन की मांग को लेकर रविवार को सर्व समाज की महा बैठक आयोजित की गई। जिला महेंद्रगढ़ के अनेक सामाजिक संगठनों के लोगों ने भाग लेकर अहीर रेजिमेंट की मांग को लेकर अपना समर्थन दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता यादव सभा के प्रधान डॉ. प्रेमराज यादव ने की। जबकि मंच संचालन हरियाणा युवा यादव महासभा के जिला कार्यकारी अध्यक्ष अनिल भगडाना ने किया। संयुक्त अहीर रेजिमेंट संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल को माजरा चुंगी से सैंकड़ों युवाओं की अगुवाई में गाजेबाजे से यादव सभा तक लाया गया।
युवाओं ने अहीर रेजिमेंट के समर्थन में शहर भर में रैली निकाली व नारेबाजी की। जनसभा में महेंद्रगढ़ जिला से विधायक राव दान सिंह ने पहुंचकर अपना समर्थन दिया और कहा कि अहीर जाति का एक गौरवशाली इतिहास रहा है। 1857 की क्रांति से लेकर आज तक देश की रक्षा के लिए इस समाज के अनेक वीरों ने अपनी कुर्बानी दी है। उन्होंने कहा कि अहीर रेजिमेंट के गठन के मुद्दे को आगामी सत्र में वे विधानसभा में भी जोर शोर से उठाएंगे।
अहीर रेजिमेंट संघर्ष समिति से राव अजीत सिंह ने अहीर रेजिमेंट की गठन को लेकर कहा कि हमें बड़ी मजबूती और अनुशासन के साथ इस लड़ाई को लड़ना होगा तभी हम अपने उद्देश्य में सफल हो पाएंगे। हरियाणा यादव महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष रमेश राव पायलट ने कहा कि यादव जाति का सदियों पुराना इतिहास है। अनेक ऐसे युद्ध हुए हैं जिनमें यादव योद्धाओं ने अपनी बहादुरी और साहस का परिचय दिया है। खेड़की दौला में चल रहे धरने से आए प्रतिनिधि मंडल के मनोज यादव व अरुण यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए और लोगों को 23 मार्च को खेड़की दौला स्थित धरने में पहुंचने का आह्वान किया।
इन समाज के लोगों ने दिया अपना समर्थन
बैठक में अनेक समाज के प्रतिनिधियों ने पहुंचकर समाज की तरफ से लिखित में अपना समर्थन दिया। जिसमें राजपूत सभा से राजकुमार शेखावत, रुद्रपाल सिंह तंवर और विनोद तंवर पाली ने अपना समर्थन दिया। जांगड़ा सभा की तरफ से प्रधान राजेश जांगड़ा और बंशीधर ने भी अहीर रेजिमेंट के गठन की सरकार से मांग की। प्रजापत समाज से प्रधान इंदर सिंह ने लिखित में रेजिमेंट का समर्थन किया। गुर्जर समाज से महावीर पहलवान बाघोत, सेन समाज से रमेश कुमार वर्मा, सैनी समाज से रमेश सैनी व जाट समाज के प्रतिनिधियों तथा प्रदीप बालरोडिया ने भी अहीर रेजीमेंट का खुला समर्थन किया।
23 मार्च को खेड़की दौला पहुंचेंगे युवा
इसी कड़ी में भूतपूर्व सैनिक विकास संघ, अर्धसैनिक बल संगठन के प्रधान गजराज लावन, श्री गोशाला के प्रधान कप्तान सुरेेंद्र सिंह ने भी अपने संगठन की तरफ से खुला समर्थन किया। जनसभा को राव रमेश पायलट, कुलदीप यादव, महेश यादव रामपुरा, नवीन राव, पारुल राव, बलवान फौजी, संदीप मालड़ा, प्रदीप मालड़ा, पवन खैरवाल आदि ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने अहीर रेजिमेंट के गठन के लिए कहा कि वे भी यादव बंधुओं की इस लड़ाई में उनके साथ हैं। इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल को क्षेत्र की तरफ से विश्वास दिलाया गया कि 23 मार्च को जिला महेंद्रगढ़ से हजारों की तादात में लोग खेड़की दौला स्थित धरने में पहुंचकर अपना समर्थन देंगे।यादव सभा के प्रधान डॉ. प्रेमराज यादव ने पधारे हुए सभी महानुभावों का धन्यवाद करते हुए 23 मार्च को भारी संख्या में खेड़की दौला की जनसभा में पहुंचने का आह्वान भी किया और समिति को तन मन धन से सहयोग का भरोसा भी दिलाया, उन्होंने दूसरे समाजों से पधारे प्रतिनिधियों और इस सभा में पधारे विधायक राव दान सिंह का भी धन्यवाद किया और हजारों की संख्या में पधारे जिला वासियों को एकजुट रहने का आह्वान भी किया। इस अवसर पर यादव सभा के उपाध्यक्ष महावीर डीपी, ब्रह्मदेव आर्य, रोहतास सिंह, जगदीश प्रसाद, मीडिया प्रभारी कप्तान राजेंद्र सिंह खेड़ा, बलवंत सिंह बोहरा, मलखान सिंह, महिंद्र भगडाना, सचिन बैरावास, नगर पालिका पूर्व प्रधान बिजेंद्र सिंह, कुलदीप पार्षद, जीवन मेघनवास आदि उपस्थित रहे।
अहीर रजिमेंट के गठन की मांग को लेकर बाइक रैली निकालते युवा। संवाद- फोटो : Narnol
अहीर रजिमेंट के गठन की मांग को लेकर यादव धर्मशाला में हुई बैठक में शामिल लोग। संवाद- फोटो : Narnol