रेवाड़ी कोर्ट में चतुर्थ श्रेेणी के पद पर नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में शहर के मोहल्ला इंद्रा कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने शहर थाना पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर रुपये ऐंठने वाले व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला इंद्रा कॉलोनी निवासी सिकंदर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बुकिंग पर गाड़ी चलाता है। उसके दो बच्चे हैं। 2020 में उसकी मुलाकात रेवाड़ी रोड पटीकरा के नजदीक रहने वाले संजय के साथ हुई थी। उसने सेशन जज का रीडर होने की बात कहकर उसकी रेवाड़ी अदालत में डी ग्रुप में नौकरी लगवाने का प्रलोभन दिया। इसकी एवज में उसने उससे 2 लाख रुपये ले लिए, जोकि उसने ब्याज में उधार लेकर दिए थे। 6-7 महीने बाद संजय ने उससे कहा कि उसकी जज से बात हो गई है। वह उसे लिपिक की नौकरी पर रखेंगे, मगर इसके लिए ढाई लाख रुपये और देने होंगे। जिस पर उसने ढाई लाख रुपये ब्याज पर लेकर और दे दिए। इसके बाद संजय ने उसे कोर्ट की लगी हुई मोहर के दस्तावेज देकर रेवाड़ी में उसका मेडिकल करवाया।
पीड़ित ने बताया कि संजय ने उसे आश्वस्त किया था कि वह जल्द ही उसकी नियुक्ति करवा देगा। एक-दो महीने बाद संजय कोर्ट की मुहर लगी, जिस पर उसका नाम, कोर्ट की मोहर में भिवानी जज व डिस्ट्रिक्ट कोर्ट रेवाड़ी की मोहर लगी हुई रसीद देकर आश्वस्त करता रहा। वह जब भी मिलता तो उससे कभी 5 हजार तो कभी 2 या 10 हजार रुपये ऐंठ लेता, लेकिन उसने नौकरी नहीं लगवाई। उसके पास उसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग भी है। संजय ने उसके साथ धोखाधड़ी करके फर्जी कागजात पर जाली मुहर लगाकर उसे नौकरी लगवाने के झूठे कागजात देते हुए उससे करीब 5 लाख रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर संजय के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।