फोटो 1टंकियों में पानी नहीं होने से प्रदर्शन करते स्थानीय लोग।संवाद
नांगल चौधरी। कस्बे के वार्ड नंबर-10 और आसपास के क्षेत्रों में पानी की गंभीर किल्लत ने गर्मी में लोगों की दिनचर्या बिगाड़ दी है। वार्ड की पानी की टंकियां पूरी तरह सूख चुकी हैं। वहीं, थाना रोड स्थित गांधी बाजार की टंकी भी खाली पड़ी है। इससे जल आपूर्ति ठप हो गई है।
स्थानीय पार्षद सोनू तंवर, सोमदत्त जांगड़ा, सुनाराम पंडित, साहिल जांगिड़ सहित कई निवासियों ने बताया कि कई दिनों से नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है। कई घरों में हालात ऐसे हैं कि लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं।
भीषण गर्मी के बीच बढ़ी पानी की मांग ने समस्या को और गंभीर बना दिया है लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते समाधान नहीं हो पा रहा। खासकर लुहार समुदाय सबसे अधिक प्रभावित है जिनके दैनिक कार्यों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। कई परिवार दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर हैं जबकि कुछ लोग महंगे दामों पर टैंकर मंगवा रहे हैं।
लोगों ने प्रशासन से तुरंत टंकियां भरवाने और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे।
मोहल्ला देवस्थान में चार दिन में पानी आने से परेशान लोग
नारनौल। शहर के मोहल्ला देवस्थान में भी पानी की चार दिन में सप्लाई हो रही है। उनका कहना है कि गर्मी में पानी नियमित नहीं आने से परेशानी बढ़ती जा रही है। हालात यह हो गए हैं कि उन्हें पानी के टैंकर मंगवा कर गुजारा करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी दिनेश वशिष्ठ ने बताया कि एक माह पहले शाम को भी पानी छोड़ा जाता था लेकिन अब सुबह ही छोड़ा जा रहा है। वह भी उन्हें चार दिन में मिल रहा है। जनस्वास्थ्य विभाग के जेई से भी बात की लेकिन समस्या का समाधान अब तक नहीं हुआ है। संवाद
वर्जन:
जलघर में पानी कम हो गया था, अब नहर आ गई है। साथ ही पानी स्टॉक कर फिल्टर करने में समय लग जाता है। शुक्रवार से नांगल चौधरी में नियमित पानी सप्लाई की जाएगी। साथ ही पानी टंकियों को भर दिया जाएगा।
-महेश यादव, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग