महेंद्रगढ़। शहर में राव तुलाराम चौक से सीएसडी तक की करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क का अब पुनर्निर्माण होगा। इसके लिए 1.81 करोड़ रुपये की मंजूरी मिल गई है। इसका काम मानसून खत्म होने के बाद शुरू किया जाएगा। इससे चार वर्ष पहले मॉडल सड़क के रूप में विकसित किया था जो अब लंबे समय से जर्जर हालत में है।
यह सड़क शहर के महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है और रोज हजारों वाहन चालक इसका उपयोग करते हैं। इस रास्ते से स्थानीय निवासी, सेना से जुड़े कर्मचारी, आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लोग और बाजार आने-जाने वाले लोग गुजरते हैं। साथ ही बस स्टैंड, आईटीआई, विभिन्न सरकारी कार्यालय और संस्थान भी इसी मार्ग पर स्थित हैं।
करीब चार वर्ष पहले इस सड़क को नगर पालिका ने लगभग 55 लाख रुपये की लागत से मॉडल रोड के रूप में विकसित किया था। उस समय सड़क के दोनों ओर टाइलें लगाकर फुटपाथ बनाया गया था और बीच में डिवाइडर के साथ पौधे लगाकर इसे सुंदर बनाने का प्रयास किया गया था लेकिन समय के साथ बढ़ते ट्रैफिक, पानी की निकासी की खराब व्यवस्था और नियमित देखरेख न होने के कारण सड़क की हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
वर्तमान में स्थिति यह है कि कई जगह सड़क की ऊपरी परत उखड़ चुकी है जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं और रोड़ियां बाहर निकल आई हैं। इससे वाहन चालकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
सामाजिक संगठनों ने भी इस समस्या को कई मंचों पर उठाया है और जनप्रतिनिधियों को सड़क की खराब स्थिति से अवगत कराया गया है। अब मंजूरी मिलने के बाद उम्मीद है कि यह महत्वपूर्ण मार्ग जल्द ही बेहतर और सुरक्षित यातायात के लिए तैयार हो जाएगा।
वर्जन:
राव तुलाराम चौक से सीएसडी तक के सड़क मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए सरकार से मंजूरी मिल चुकी है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मानसून के बाद निर्माण शुरू करने का लक्ष्य है।
-अनिल कुमार, जेई, लोक निर्माण विभाग, महेंद्रगढ़
फोटो संख्या:60-राव तुलाराम चौक से बस स्टैंड तक मार्ग में बने गड्ढे--संवाद