फोटो नंबर-23पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में बैठक करते कर्मचारी। स्रोत: संगठन
नारनौल। हरियाणा में सरकारी कर्मचारियों और सरकार के बीच चल रहा तनाव एक बार फिर तेज होता दिख रहा है। पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन, जो सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा से जुड़ी हुई है, ने अब अपने आंदोलन को बड़ा रूप देने का ऐलान किया है। कार्यकारिणी बैठक में यह साफ कर दिया गया कि अगर कर्मचारियों की लंबित मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन और उग्र होगा।
यह बैठक बुधवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित की गई जिसमें बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान कौशल यादव ने की और संचालन नरेंद्र कुमार ने किया।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि अब केवल बातचीत या ज्ञापन तक सीमित नहीं रहकर आंदोलन को सड़क पर उतारा जाएगा। इसी क्रम में 4 जुलाई को सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी के आवास का घेराव और 18 जुलाई को लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा के आवास के बाहर बड़ा प्रदर्शन करने की घोषणा की गई है।