रेवाड़ी-बीकानेर रेल लाइन के अंतर्गत गुढ़ा केमला रेलवे स्टेशन के नजदीक फाटक संख्या-90 सी पर प्रस्तावित रेलवे अंडर ब्रिज (आरयूबी) के विरोध में ग्रामीण सोमवार को मौकेे पर पहुंचे रेलवे के अधिकारियों से मिले। ग्रामीणों ने रेल अधिकारियों से कहा कि जब तक हमारी समस्याओं का समाधान न हो तब तक निर्माण कार्य शुरू न कराया जाए। वरना आंदोलन किया जाएगा।
मालूम हो कि गांव गुढ़ा की पंचायत ने पिछले दिनों रेलवे के प्रस्तावित अंडर ब्रिज को लेकर पंचायत की थी। जिसमें सर्वसम्मति से आरयूबी नहीं बनाने के लिए प्रस्ताव पारित किया। प्रस्ताव में उहोंने कहा कि इस मार्ग पर बहुत कम दूरी पर पंचायत घर, राजकीय विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र, पटवार भवन आदि बने हुए हैं। आरयूबी बनने के बाद उनका रास्ता बंद हो जाएगा। इसलिए ग्रामीण आरयूबी की आवश्यकता नहीं समझते। आरयूबी बनाए जाने के बाद इसमें जरा सी बरसात में पानी भर जाएगा। क्षेत्र में बने आरयूबी में मामूली सी बरसात में ही जलभराव हो जाता है। जिसके बाद लोगों का वहां से निकलना दूभर हो जाता है।