नारनौल। एचएसईबी डिप्लोमा इंजीनियर राज्य कमेटी के पदाधिकारियों ने लंबित मांगों को लेकर वीरवार को अंबाला में बिजली मंत्री अनिल विज को ज्ञापन सौंपा। संगठन के जिला प्रधान सत्यपाल ने बताया कि मांगें पूरी नहीं होने पर 11, 12 और 13 अगस्त को हड़ताल की जाएगी।
उन्होंने बताया कि हड़ताल से पहले 10 अगस्त तक जिला उपायुक्त, अधीक्षण अभियंता और विभिन्न विभागों के मंत्रियों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सरकार से बातचीत कर रहा है।
इंजीनियरों की प्रमुख मांगों में जूनियर इंजीनियर (जेई) से एसडीओ पद पर प्रमोशन कोटा 35 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत करना, जेई का वेतनमान ग्रेड पे 4800 रुपये करना और कैडर स्पेसिफिक एसीपी को तर्कसंगत तरीके से पीबी-4 तक अपग्रेड करना शामिल है।
इसके अलावा एचवीपीएन यूटिलिटी में नए पदों के सृजन, नूंह और गुरुग्राम में निजीकरण की प्रक्रिया रोकने तथा एग्रीकल्चर डिस्कॉम के प्रस्ताव को वापस लेने की मांग भी रखी गई है।
जिला प्रधान ने बताया कि प्रस्तावित हड़ताल में सभी जूनियर इंजीनियर और एरिया इंचार्ज भाग लेंगे। इस दौरान वे विभागीय कार्यों का बहिष्कार करेंगे।