अटेली विधानसभा के पोलिंग अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते उपायुक्त जगदीश
- फोटो : Narnol
हम विश्व की सबसे अधिक भागीदारी वाले लोकतांत्रिक देश के निवासी हैं। देश की यह साख चुनाव आयोग की निष्पक्ष कार्यप्रणाली के कारण है। आप सभी चुनाव अधिकारी इस निष्पक्षता को बरकरार रखें। सेंसिबिलिटी, रिस्पांसिबिलिटी व अकाउंटेबिलिटी के साथ काम करें। उक्त बात जिला निर्वाचन अधिकारी व डीसी जगदीश शर्मा ने मंगवार को स्थानीय सभागार में अटेली विधानसभा के पोलिंग अधिकारियों की दूसरी रिहर्सल के दौरान कही। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी चुनाव की हर बारीकियों को समझते हुए उस पर अमल करें। सबके साथ एक जैसा बर्ताव करना है। आपका व्यवहार ही आपकी सफलता का मूल मंत्र है। 20 अक्तूबर को ईवीएम-पीपीपैट उपलब्ध कराई जाएगी। जिस नंबर की ईवीएम अलॉट की जाए उसी नंबर की ईवीएम है या नहीं यह भी चेक करें। मॉकपोल की तैयारी सुबह छह बजे शुरू कर दें। तैयारी करने के बाद मतदान केंद्र पर मौजूद पोलिंग एजेंट को बता दें कि सुबह 6:15 बजे मॉकपोल शुरू होगा। डीसी ने कहा कि मॉकपोल करने पर मशीन को क्लियर करें व वीवीपैट का ड्रॉप बाक्स खाली करने के बाद सील करें। सुबह सात बजे मतदान शुरू कराना है। एडीसी डॉ. मुनीष नागपाल ने कहा कि देश के सभी राजनीतिक दलों को भी इस प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है।
ऐसे रहेगी ड्यूटी
मतदान केंद्र पर पीठासीन अधिकारी ओवर ऑल इंचार्ज होगा। सारी प्रक्रिया उसी के दिशा-निर्देशन में होगी। जिस मतदान केंद्र में 1200 से अधिक मत हैं, वहां पर एक अतिरिक्त पोलिंग अधिकारी दिया जाएगा। वह रजिस्टर 12-ए का इंचार्ज होगा। पहला पोलिंग अधिकारी मतदाता सूची का इंचार्ज होगा व मतदाता की पहचान करेगा। दूसरा पोलिंग अधिकारी अमिट इंक का इंचार्ज होगा। पहला पोलिंग अधिकारी द्वारा मतदाता की पहचान करने के बाद दूसरा पोलिंग ऑफिसर मतदाता के बाएं हाथ की फोर फिंगर का निरीक्षण करके उसके नाखून से लेकर त्वचा के ऊपर तक इंक का निशान लगाएगा। दूसरा पोलिंग रजिस्टर फार्म नंबर 17 का भी इंचार्ज होगा और मतदाता का नाम वोट नंबर रजिस्टर में दर्ज करेगा। तीसरा पोलिंग अधिकारी कंट्रोल यूनिट मशीन का इंचार्ज होगा और उसकी सीट दूसरे पोलिंग अधिकारी के साथ होगी। तीसरा पोलिंग अधिकारी दूसरे पोलिंग आफिसर के द्वारा मतदाता को दी गई वोटर सिल्प के आधार पर मतदाता को वोटिंग कंपार्टमेंट में जाने के लिए कहेगा। इसके बाद मतदाता वोटिंग कंपार्टमेंट में रखी बैलेट यूनिट के कैंडीडेट वाले बटन को दबाएगा।
बीएलओ अपने-अपने बूथों पर ही रहेंगे
एडीसी ने प्रशिक्षण के दौरान स्पष्ट किया कि सभी बूथ लेवल अधिकारी को अपने-अपने बूथ पर रहना है। कई अधिकारियों की पीओ व एपीओ को ड्यूटी लगी है। लेकिन, उन्हें केवल बूथ लेवल अधिकारी का काम ही करना है। सभी बीएलओ इस बारे में उनसे मिलें व उनकी दूसरी ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी। बीएलओ को मतदाताओं के घर-घर जाकर वोटर स्लिप बांटने का काम करना है।