कनीना। नगर पालिका के वार्ड-14 में होने वाले उपचुनाव को लेकर अंतिम दिन छह उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इससे प्रत्याशियों की संख्या आठ हो गई है। इसमें सुमेर सिंह यादव, अशोक कुमार, बलजीत, प्रदीप यादव और अनूप यादव ने नामांकन भरा जबकि विकास ने अपने पिता सुरेंद्र के समर्थन में आवेदन किया।
प्रशासन ने पूरी नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित बताया है। चुनाव रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम डॉ. जितेंद्र सिंह के अनुसार, 27 अप्रैल को सुबह 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की जाएगी।
इसके बाद 28 अप्रैल को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवारों को नाम वापस लेने का अवसर मिलेगा। अंतिम सूची जारी होने के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
उन्होंने आगे बताया कि मतदान 10 मई को होगा जबकि मतगणना 13 मई को निर्धारित की गई है। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। मतदाताओं की सुविधा और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। मतदान के लिए पितामह कान्ह सिंह धर्मशाला को केंद्र बनाया गया है।
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।