मंडी अटेली। खंड अंतर्गत गांव फतेहपुर-फतनी में सरपंच पद के उपचुनाव ने राजनीतिक और सामाजिक माहौल को गर्मा दिया है। महिला आरक्षित इस पद के लिए चार प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। इनमें पूर्व सरपंच संतोष देवी की पुत्रवधू सीमा यादव भी शामिल हैं। शनिवार को नामांकन प्रक्रिया का अंतिम दिन रहा।
सहायक रिटर्निंग अधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि सुमन, अंजना, सीमा यादव और पूजा शर्मा ने नामांकन दाखिल किया है। यह चुनाव अब केवल एक पद की लड़ाई नहीं बल्कि महिला सशक्तिकरण और असली नेतृत्व की कसौटी बन गया है।
अब नई मतदाता सूची के अनुसार गांव में 1272 मतदाता हैं। 26-27 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी जबकि 28 अप्रैल को नाम वापसी और उसी दिन चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
इस बार गांव की महिलाएं खुलकर सामने आ रही हैं और केवल नाम की नहीं बल्कि वास्तविक निर्णय लेने वाली महिला सरपंच की मांग कर रही हैं। ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि पहले चुनी गई महिला सरपंच के नाम पर निर्णय पुरुष सदस्य लेते थे जिससे महिलाओं की भागीदारी सीमित रह गई।
अब महिलाएं सफाई, स्वास्थ्य, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही हैं। अनुसूचित जाति बस्ती के पास जोहड़ की सफाई, गरीबों को दिए गए प्लॉटों में सड़क, गली और पेयजल की व्यवस्था भी प्रमुख चुनावी मुद्दे हैं।