रात्रि गश्त के दौरान नाका लगाकर गाड़ी को जांच करती पुलिस। संवाद
- फोटो : Narnol
अपराध पर अंकुश लगाने के लिए शनिवार की रात में पुलिस ने अभियान चलाया। अभियान के दौरान जिलेभर की पुलिस सतर्क रही। इसके साथ ही पुलिस ने रात के समय सड़क पर दौड़ने वाले वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच व पूछताछ की।
जिला पुलिस ने अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से शनिवार रात से रविवार सुबह तक जिले में स्पेशल रात्रि गश्त अभियान चलाया। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस द्वारा जिले में 33 स्थानों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की गई। पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि पुलिस महानिदेशक के दिशा-निर्देशानुसार महेंद्रगढ़ जिला पुलिस द्वारा शनिवार रात 10 बजे से रविवार सुबह 4 बजे तक स्पेशल रात्रि गश्त अभियान चलाया। इस दौरान महेंद्रगढ़ जिले की करीब 80 फीसदी पुलिस नाकेबंदी व गश्त में मौजूद रही। प्रत्येक थाना क्षेत्र के अनुसार अपराध की रोकथाम के लिए सभी पर्यवेक्षण अधिकारी, थाना प्रबंधक, चौकी इंचार्ज, थानों व चौकियों में तैनात पुलिस फोर्स रात्रि गश्त, पैदल गश्त व नाकेबंदी में तैनात रहे। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस द्वारा होटल, रेस्टोरेंट, धर्मशाला, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन व अन्य सार्वजनिक स्थानों की गहनता से जांच की गई। जिले में तैनात सभी पीसीआर ने भी प्रभावी रूप से गश्त की। इस दौरान महिला पुलिस भी गश्त व नाकेबंदी के दौरान मौजूद रही।
समय-समय पर चलाया जाता है अभियान
अपराधों पर अंकुश लगाने तथा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के अभियान चलाए जा रहे हैं। जिनमें पुलिस को कई सफलताएं भी मिलती है। इस अभियान का मुख्य कारण यह है कि कई बार चेकिंग के दौरान वांछित अपराधी भी पुलिस की गिरफ्त में फंस जाते हैं। आगे भी इस तरह का चेकिंग अभियान जारी रहेगा। चंद्रमोहन एसपी नारनौल।