नारनौल। नारनौल में सड़क हादसे में घायल व्यक्ति ने वीरवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। 15 जून को नारनौल से घर आते समय ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मार दी थी। उसे उपचार के लिए जयपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पुलिस शिकायत में ढाणी कोजिंदा निवासी सोहन लाल ने बताया कि उसका चाचा का बेटा सतपाल 15 जून को नारनौल से अपने घर रात के करीब सवा आठ बजे बाइक से आ रहा था। वह नारनौल-ढाणी कोजिंदा रोड पर कन्हैया टेंट हाउस के पास पहुंचा तो ट्रैक्टर चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। इस दौरान वह भी उसके पीछे-पीछे आ रहा था। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया। इसके बाद उसे नारनौल के नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए लेकर गया, जहां प्राथमिक उपचार कर रेफर कर दिया। परिजन जयपुर के निजी अस्पताल में उपचार के लिए लेकर गए, जहां सप्ताहभर से उपचार चल रहा था। वीरवार को उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।