मंडी अटेली। राजस्व पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन की ओर से चलाए जा रहे अनिश्चितकालीन आंदोलन को वीरवार के दिन विभिन्न श्रमिक संगठनों का समर्थन मिला।
जानकारी के अनुसार आंदोलन के समर्थन में श्रमिक संगठन एआईयूटीयूसी के जिला प्रधान मास्टर सुबे सिंह और बिजली उपभोक्ता मंच के जिला प्रधान डॉ. राजेन्द्र प्रसाद खरब धरनास्थल पर पहुंचे और पटवारियों को अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त किया।
इस अवसर पर दोनों नेताओं ने कहा कि सरकार को हठधर्मिता छोड़कर पटवारियों की जायज मांगों को जल्द स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पटवारियों की हड़ताल के चलते आमजन को अपने छोटे-छोटे राजस्व कार्यों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जमीनों की रजिस्ट्री, इंतकाल, फर्द जैसे कार्य ठप पड़े हैं।
उन्होंने सरकार से जनहित को ध्यान में रखते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम कर वार्ता के माध्यम से इस समस्या का जल्द समाधान निकालने की मांग की, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।