महेंद्रगढ़। महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पर पिछले नौ माह से बंद पार्किंग शनिवार से फिर शुरू कर दी गई है। अब पार्किंग शुरू होने से लोगों को अपने वाहनों को यहां-वहां नहीं खड़ा करना पड़ेगा तथा वाहन चोरी का भी भय नहीं रहेगा।
बता दें कि पिछले नौ माह से शहर के आदर्श रेलवे स्टेशन पर पार्किंग व्यवस्था का टेंडर समाप्त होने पर उसे बंद कर दिया गया था। स्टेशन परिसर में पार्किंग नहीं होने से दैनिक रेल यात्रियों के साथ-साथ आमजन को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब पार्किंग शुरू होने से रेवाड़ी, गुरुग्राम, दिल्ली सहित राजस्थान के क्षेत्रों में प्रतिदिन आवागमन करने वालों के के वाहन भी सुरक्षित रहेंगे। इससे पहले दैनिक रेलयात्री अपने वाहनों को आसपास दुकानों के नजदीक खड़ा करते थे जिससे उन्हें दिनभर चोरी का भय सताता था।
अब तीन वर्ष मिलेगी पार्किंग की सुविधा:
पार्किंग संचालक जिले सिंह ने बताया कि दिसंबर में रेलवे द्वारा टेंडर छोड़ा गया था। इसके बाद 27 जनवरी को टेंडर खोलकर पार्किंग शुरू कर दी गई थी। पार्किंग में प्रतिदिन तीन कर्मचारियों की तैनाती रहेगी। पार्किंग शुरू होने से रेलवे का राजस्व बढ़ने के साथ-साथ लोगों के वाहन भी सुरक्षित रहेंगे। आए दिन बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं को लेकर वाहन मालिक भी भय के साये में रहते थे। पार्किंग शुरू होने से दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा।
ये रहेंगे पार्किंग शुल्क
समय साइकिल बाइक बाइक हेल्मेट सहित चौपहिया वाहन
चार घंटे 5 10 15 25 रुपये
24 घंटे 10 20 30 50 रुपये
24 घंटे से अधिक 15 30 45 80 रुपये
मासिक 80 250 300 000 रुपये
रेलवेकर्मी 50 100 150 000 रुपये
दूधवाला 80 250 300 000 रुपये