कनीना। बहुजन समाज पार्टी नेता एवं समाजसेवी अतरलाल एडवोकेट ने हरियाणा सरकार से निर्माण श्रमिकों का बंद पड़ा पंजीकरण पोर्टल जल्द खोलने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पोर्टल करीब 11 महीने से बंद है जिससे हजारों मजदूर पंजीकरण नहीं करा पा रहे और सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा।
अतरलाल ने दौंगड़ा जाट, कलवाड़ी और बेवल सहित गांवों में जनसंपर्क कर किसान-मजदूरों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि मजदूर संगठनों की ओर से कई बार मांग उठाने के बावजूद पोर्टल नहीं खोला गया। उन्होंने दावा किया कि कल्याण बोर्ड में करीब सात हजार करोड़ रुपये जमा हैं, फिर भी पात्र मजदूर लाभ से वंचित हैं।
उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि 15 दिन के भीतर पोर्टल नहीं खोला गया तो बसपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। इस दौरान भागसिंह चेयरमैन, दानसिंह प्रजापत, कैलाश सेठ, प्रमोद कटारिया और प्रमोद वालिया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।