महेंद्रगढ़। सदर व सिटी थाने की पुलिस टीम ने वीरवार की रात को रेवाड़ी जेल से भागे 13 बंदियों में से एक को दूलोठ अहीर गांव से गिरफ्तार किया है। बंदी पर महेंद्रगढ़ थाने में हत्या का मामला दर्ज और उसकी सुनवाई कोर्ट में चल रही है। इससे पहले सीआईए नारनौल की टीम तीन बंदियों को पकड़ चुकी है। अभी भी नौ बंदी फरार चल रहे हैं, जिनको पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता सुमित कुुमार ने बताया कि रेवाड़ी जेल में कोरोना संक्रमित अभियुक्तों के लिए आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। नारनौल नसीबपुर में स्थित जिला जेल में कोरोना पॉजिटिव पाए गए अभियुक्तों को रेवाड़ी आइसोलेशन वार्ड में भेज दिया गया था। इस आइसोलेशन वार्ड से 9 मई की रात 13 बंदी फरार हो गए थे। जिनकी तलाश करते हुए वीरवार रात को सदर व सिटी थाने की पुलिस टीम ने एक और अभियुक्त को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। अभियुक्त की पहचान बलवान निवासी दूलोठ अहीर के रूप में हुई है। अभियुक्त बलवान के खिलाफ थाना शहर में हत्या का मामला दर्ज है। पूछताछ के बाद अभियुक्त को रेवाड़ी पुलिस के हवाले किया जाएगा।