अटेली बहरोड सड़क मार्ग पर शनिवार को नांगल बैरियर के समीप ओवरटेक करते समय संतुलन बिगड़ने से एक टेंपो पलट गया। जिसमें सवार तीन व्यक्ति व एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को लोगों ने उपचार के लिए अटेली अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर रेफर कर दिया। हायर सेंटर लेकर जाते समय एक व्यक्ति ने रास्ते में दम तोड़ दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे अटेली पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर तिपहिया टेंपो चालक सवारियों को लेकर खंड के गांव कांटी से अटेली की ओर जा रहा था। टेंपो नांगल बैरियल के समीप ओवरटेक करते समय आगे से वाहन आने के कारण टेंपो का संतुलन बिगड़ गया। संतुलन बिगड़ने से टेंपो सड़क किनारे पलट गया। जिसके कारण टेंपो में सवार कांटी निवासी 22 वर्षीय रवीना, खेड़ी निवासी 47 वर्षीय सुभाष, बिहाली निवासी 50 वर्षीय लीलाराम व लोकराम 45 वर्षीय गंभीर रूप से घायल हो गये। चारों घायलों को लोगों ने उपचार के लिए अटेली के सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर रेफर कर दिया। गंभीर लीलाराम को रोहतक पीजीआई में लेकर जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर कागजी कार्रवाई शुरू कर दी है।