गांव अमरपुर जोरासी के पास सोमवार को हुई ऑटो व पिकअप की टक्कर में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने घायलों की शिकायत पर पिकअप चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अटेली के धानोता निवासी शारदा देवी ने बताया कि वह सोमवार को अपनी भाभी पपीता के साथ किसी कार्य से ऑटो में बैठकर निजामपुर होते हुए नारनौल आ रही थी। ऑटो में उनके अलावा 3-4 अन्य लोग भी बैठे थे। जब वे गांव अमरपुर जोरासी के पास पहुंचे तो एक पिकअप गाड़ी विपरीत दिशा में सड़क के बीचोंबीच खड़ी थी। जिस कारण ऑटो का संतुलन बिगड़ने से वह पिकअप के साथ टकरा गया। इसमें मनोज कुमार मौखुता, शिंभु दयाल कारोली, पपीता धानोता, शारदा धानोता व श्रीराम सुराना घायल हो गए। जिन्हें आस-पास के लोगों ने एंबुलेंस की मदद से नारनौल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकों ने श्रीराम को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को शिकायत देते हुए पिकअप गाड़ी चालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।