कस्बे की नौ साल की मासूम के चारों हत्यारोपियों को पुलिस ने मंगलवार को नारनौल स्थित अदालत में पेश किया। अदालत ने घटना से जुडे़ सबूतों को एकत्रित करने के लिए आरोपियों को दिन के रिमांड पर भेज दिया।
शनिवार शाम कस्बे के चार युवकों ने कस्बे की रहने वाली 9 साल की बच्ची का अपहरण कर दुष्कर्म कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मामले में छानबीन करते हुए कस्बा निवासी अरुण, दीपक और राकेश को सोमवार रात को पुलिस ने दबोचा था। पुलिस ने मंगलवार को दोपहर बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया।
अदालत ने तीनों को तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया। पुलिस ने चौथे आरोपी को भी सोमवार रात ही गिरफ्तार कर लिया था। उसके संबंध में एसपी बलवान सिंह ने बताया कि रेलवे में कार्यरत संजय को भी मंगलवार देर शाम अदालत में पेशकर उसको रिमांड पर ले लिया है। घटना में अन्य आरोपियों के भी शामिल होने की बात सामने आ रही है।
अस्थि विसर्जन के लिए रवाना
मंडी अटेली। मासूम की अस्थियां गंगा में विसर्जन करने के लिए परिजनों के साथ पूर्व विधायक नरेश यादव सहित कस्बे के सैकड़ों लोग शामिल हुए। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए लोगों ने उनकी अस्थियों को हाथ जोड़कर नमन किया। रविवार सुबह मासूम बच्ची का शव वार्ड 10 में एक प्लाट के पास नग्न हालात में मिला था। वारदात के विरोध में लोगों का गुस्सा भड़का और उन्होंने जाम लगाकर विरोध जताया था। दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर पुलिस कस्बे में पहुंची तो लोगों ने विरोध जताया था।
पूर्व विधायक नरेश यादव मासूम के हत्यारों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवारों को मृतका के परिवार के साथ उनके घर पर आमरण अनशन पर बैठ गए थे। 36 घंटे के उपरांत जिला उपायुक्त डा. अतुल कुमार और डीआईजी (क्राइम) राजश्री मौके पर पहुंची। उन्होंने लोगों को जल्द खुलासे का आश्वासन देकर शांत करवाया और अंतिम संस्कार करवाया था। मंगलवार सुबह मासूम की अस्थियों को गंगाघाट पर विसर्जन करने के लिए रवाना हुए।