सुशासन दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय महिला महाविद्यालय अटेली में लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए शिविर लगाया गया। जिसमें विभिन्न विभागों के कर्मी समस्या को सुनने के लिए पहुंचे।
सीएम विंडो की शिकायतों का अधिक से अधिक निवारण हो इसको लेकर एसडीएम मनोज कुमार, सीटीएम अमित कुमार, तहसीलदार राजेश कुमार, तहसीलदार ब्रह्मप्रकाश, नायब तहसीलदार सतपाल सिंह, बीडीपीओ अनिल ने सभी विभाग से सीएम विंडो के बारे में जानकारी ली। उनके साथ सीएम विंडो निगरानी कमेटी सदस्य सुरेश शर्मा, आनंद कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक संजय कुमार, प्राचार्य प्रवीन कुमार आदि उपस्थित रहे।
कैंप में कॉलेज में बिछाई गई सीवर लाइन को मुख्य लाइन से जोड़ने की समस्या का मौके पर ही निदान करते हुए जनस्वास्थ्य विभाग ने काम शुरू करवा दिया। इसके अलावा प्राचार्य ने एसडीएम के सामने कॉलेज में आने वाली छात्राओं के लिए बस सुविधा न होने की बात रखी, जिस पर एसडीएम ने बस शुरू करवाने का आश्वासन दिया। कॉलेज प्राचार्य ने एसडीएम को बताया कि कांटी-खेड़ी रूट पर सुबह बस आती है। वापसी में बस शाम को ही जाती है। दो या तीन बजे के करीब बस वापसी के लिए चलनी चाहिए, ताकी छात्राएं समय पर अपने घर पहुंच सकें। इस प्रकार की समस्या अटेली महेंद्रगढ़ रूट पर भी है।
सीएम विंडो विधानसभा संयोजक सुरेश शर्मा ने कहा कि जितनी समस्याएं सीएम विंडो में पेंडिंग हैं, उनका अधिकारियों को समाधान करना चाहिए ताकी लोगों का सीएम विंडो पर विश्वास बना रहे है। एसडीएम मनोज कुमार ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि सीएम विंडो का समाधान करे।
रिहायशी, जाति और आय प्रमाण पत्र के ही आए आवेदन
जिला प्रशासन की ओर से कन्या महाविद्यालय में सुशासन सप्ताह के अंतर्गत लगाए गए शिविर में लोगों ने ज्यादा रुचि नहीं दिखाई। केवल तहसील कार्यालय की ओर से जारी होने वाले रिहायशी, जाति और आय प्रमाणपत्र लेने वाले नागरिकों के अलावा अन्य सभी कर्मचारी नागरिकों की बांट देखते रहते हैं। तहसील कार्यालय के सरल केंद्र के संचालक मुकेश कुमार के समक्ष 80 नागरिकों ने रिहायशी प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र तथा आय प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया था जिनको उसी समय जारी कर दिए गए। इसके अलावा कन्या महाविद्यालय में सीवर लाइन डालने की प्रक्रिया लंबे अरसे से अटकी हुई थी, जनस्वास्थ विभाग के कर्मचारी व अधिकारी एक ही मंच पर उपलब्ध होने के कारण इस समस्या का भी निपटारा किया गया।