नारनौल। मंगलामुखी समाज के प्रधान विनोद सैनी की आत्महत्या के मामले में चार दिन बीतने के बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं, भिवानी में मंगलामुखी समाज ने दावा किया है कि मामले में नामजद बुलबुल, महक और टीना को कुछ लोग अगवा करके ले गए हैं। शहर में थाने सोमवार को भी मंगलामुखी समाज के लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि नामजद आरोपियों को पकड़ने के लिए जांच व पूछताछ पूरी तरह से चल रही है।
21 अक्तूबर को विनोद ने आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद उनकी पत्नी बनीता ने किन्नर बुलबुल, महक और टीना पर उनके पति को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए थे। परिजनों ने कार्रवाई की मांग की थी। मौके पर पहुंचे डीएसपी वीरेंद्र सिंह ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। भाजपा विधायक ओमप्रकाश यादव ने भी पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की थी।
एसआईटी कर रही मामले की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी दीपक कुमार ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की है। इसमें डीएसपी मुख्यालय नारनौल भारत भूषण, शहर थाना प्रभारी, सीआईए नारनौल प्रभारी, एसआई गुनपाल और जिला साइबर सेल प्रभारी को शामिल किया गया है। टीम एएसपी वीरेंद्र सिंह की निगरानी में जांच कर रही है।
भिवानी में अपहरण का दावा
उधर, भिवानी में मंगलामुखी मनीषा ने प्रेसवार्ता कर दावा किया कि कुछ लोग डंडे लेकर आए और बुलबुल, महक व टीना को उठाकर ले गए। उन्होंने सीसीटीवी का डीवीआर भी ले जाने की बात कही। हालांकि, इस दावे की पुलिस स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार यादव ने बताया कि अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है।