नारनौल। अटेली के तिगरा गांव निवासी आईटीआई के छात्र नवीन ने घर पर स्टार्टअप शुरू किया है। वह खाली समय में लकड़ी का एडजेस्टेबल स्टडी टेबल बनाकर उसे ऑनलाइन बेच कर कमाई कर रहे हैं। इससे वह न सिर्फ पढ़ाई का खर्च खुद उठा रहे हैं बल्कि परिवार की आर्थिक मदद भी कर रहे हैं।
नवीन के पिता फर्नीचर बनाने का काम करते हैं। यहीं से नवीन के मन में भी पढ़ाई के साथ साथ कुछ अलग करने की इच्छा पैदा हुई। नवीन अभी आईटीआई की डब्ल्यूडब्ल्यूटी ट्रेड में पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने अनुदेशक विजय कुमार व करतार सिंह के मार्ग दर्शन में लकड़ी की टेबल बनानी शुरू की है।
नवीन ने बताया कि उसने फ्लिपकार्ट, अमेजन व मीशो पर अपना रजिस्ट्रेशन कर अपना अकाउंट बनाया हुआ है। खाली समय में वह लकड़ी से छोटा मंदिर, लड्डू गोपाल का झूला, कीरिंग, पैन स्टैंड व की बॉक्स आदि बनाकर उनकी फोटो व वीडियो अपलोड कर बेचता है।
ऐसे में उसकी हर माह 10 से 12 हजार की आमदनी भी हो जाती है और परिवार की आर्थिक सहायता में उसका भी योगदान हो जाता है।