नारनौल। बड़े नोटों के प्रचलन के बाद से लगातार बैंकों में लोगों की भीड़ बढ़ रही है। लोगों की परेशानी को देखते हुए सरकार ने शनिवार व रविवार को भी बैंक खोलने का आदेश दिया था। इसके तहत रविवार को जिले के सभी बैंक निर्धारित समय तक खुले रहे। छुट्टी को दिन होने के कारण रविवार को अन्य दिनों की बजाय अधिक भीड़ देखने को मिली, लेकिन आज कई बैंकों में केवल पैसे जमा किए गए। वहीं लोगों के पैसे एक्सचेंज नहीं हुए। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई बैंकों में करेंसी समाप्त हो जाने के कारण लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। अब सोमवार का गुरु नानक जयंती का अवकाश होने के चलते मंगलवार को ही लोगों को पैसा नसीब हो पाएगा।
रविवार को छुट्टी होने के कारण शहर के बैंकों में अन्य दिनों के मुकाबले अधिक भीड़ देखने को मिली। लोगों की सुबह से ही बैंकों के बाहर लंबी-लंबी लाइनें लगनी शुरू हो गई थी। इस कारण कई बैंकों में करेंसी समाप्त हो गई। जिसके चलते लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा।
एटीएम भी रहे बंद
बड़े नोट बंद होने के बाद से अब तक एकाध बैंक का ही एटीएम चल पाया है। जबकि शहर में 75 के करीब एटीएम मशीनें है, लेकिन इनमें रविवार को केवल एक बैंक की दो एटीएम मशीनों में पैसे की निकासी हो सकी। जबकि अन्य बैंकों के एटीएम मशीनों बाकी दिनों की भांति बंद रही। इसके चलते लोगों की बैंकों में भारी भीड़ देखने को मिली।
दो एटीएम ही रहे खुले
रविवार को केवल एचडीएफसी बैंक की महेंद्रगढ रोड व रेवाडी रोड स्थित दो एटीएम मशीनों में पैसा निकासी हो पाई। रविवार को कई बैंकों में लोगों को नई करेंसी 2000 रुपये के नोट दिए गए।
100 करोड़ से अधिक जमा हुई राशि
रविवार को छुट्टी होने के चलते शहर के सभी बैंकों में पैसा जमा करवाने वाले लोगों की सायं तक भारी भीड़ लगी रही। कई बैंकों में एक्सचेंज के लिए करेंसी खत्म होने के कारण बैंकों में केवल पैसा जमा ही किए गए। जिसके चलते जिले में रविवार को जिले में 100 करोड़ से अधिक की राशि जमा हुई है।
एटीएम सही काम नहीं कर रहे। वहीं 500 के नए नोट भी नहीं आए। इससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। जब तक 500 के नए नोट नहीं आ जाएंगे समस्या रहेगी। - रतनलाल गोयल
बैंक में सुबह से शाम तक भारी भीड़ रही। पैसे भी एक्सचेंज नहीं हुए। इससे भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। -रोहित कुमार
सोचा था रविवार को अवकाश के कारण बैंकिंग संबंधित काम निपटा लूंगा, मगर रविवार को भी काम पूरा नहीं हुआ। अब एक दिन का अवकाश लेकर फिर से बैंक आना पड़ेगा। -शिव कुमार
सोमवार को सभी बैंकों का रहेगा अवकाश
लीड बैंक के मैनेजर एसडी पाठक के अनुसार शनिवार व रविवार को अवकाश के बावजूद लोगों की सुविधा को देखते हुए बैंक खुले रहे, मगर अब सोमवार को गुरु नानक जयंती के चलते अवकाश रहेगा।