नारनौल रेवाड़ी सड़क मार्ग पर गांव सुजापुर के समीप हुई सड़क दुर्घटना में पांच महिलाओं सहित 16 लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस दुर्घटना के बाद से कार्रवाई में जुटी हुई है।
नारनौल-रेवाड़ी सड़क मार्ग पर गांव सुजापुर के समीप बूलेरो और स्कार्पियो गाड़ी की आमने सामने भिड़ंत हो गई। इससे स्कार्पियो में सवार गांव रामबास निवासी वेदप्रकाश, करतार सिंह, लालाराम, बंशी, जितेंद्र, सुरेंद्र, सोनू देवी, पवित्रा देवी, कृष्णा देवी, मैना देवी, माया देवी व रेवाड़ी निवासी प्रद्युम्न 8 वर्षीय घायल हो गए। बताया जाता है कि उक्त सदस्य जैनाबाद गांव में एक शोक सभा में होकर वापिस अपने गांव लौट रहे थे कि नारनौल की ओर से आ रही बूलेरो गाड़ी से भिड़ंत हो गई। बुलेरो गाड़ी में सवार बदराना राजस्थान निवासी लीला सिंह, चुडिना निवासी होशियार व श्रीराम व कटकई निवासी बिरजू घायल हो गए। उक्त सभी घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल अटेली लाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।