अटेली नगरपालिका ने सोमवार को कस्बे में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। नगरपालिका ने पहले दिन अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को चेतावनी देकर छोड़ दिया। नपा ने दीपावली से पूर्व कस्बे को अतिक्रमण मुक्त करने के पिछले कई रोज से मुनादी अभियान चलाया हुआ था। कुछ अतिक्रमण करने वालों ने विरोध भी किया लेकिन नपा की सख्ती पर मानना पड़ा।
कस्बे में दुकानदारों के अतिक्रमण करने से वाहन चालकों समेत पैदल चलने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। अतिक्रमण के चलते हादसे का अंदेशा बना रहता था। नपा कर्मियों के साथ पुलिसकर्मी भी रहे। कस्बे में पुराने बस अड्डे व नये स्टैंड के आस-पास तो दुकानदारों व रेहड़ी संचालकों ने मार्ग को बिल्कुल तंग किया हुआ है। जिस कारण इन स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रहती हैं। इसके अलावा हादसा होने का अंदेशा बना रहता हैं। नपा के अतिक्रमण मुक्त दस्ते ने दुकानों के सामने लगे हुए संकेत पट्ट व दूसरे अतिक्रमण हुए सामान को उठा कर ट्रैक्टर-ट्राली में डालकर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी देकर छोड़ दिया। नपा के जेई मनीष कुमार ने बताया कि नपा पिछले काफी समय से बाजार में मुनादी करके दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के लिए सूचित कर रहा है। दीपावली से पूर्व कस्बे को अतिक्रमण मुक्त करना है, इसलिए नपा ने विशेष अभियान चलाना है। नपा के सचिव प्रदीप कुमार ने बताया कि अगर कस्बा अतिक्रमण मुक्त रहता है तो बाजार में आने वाले लोगों को राहत मिलेगी। कस्बे के पुराने अड्डे, नये बस स्टैंड व मुख्य बाजार से अतिक्रमण हटाकर दीपावली से पूर्व इस समस्या को दूर किया जाएगा।