धोलेड़ा क्रशर जोन के पास ट्राला की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। नागरिक अस्पताल नारनौल से शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
राजस्थान के डाबला की ढाणी गराटिया निवासी 42 वर्षीय ख्यालीराम धोलेड़ा क्रशर जोन में गाड़ी चलाने का काम करते थे। वीरवार सुबह करीब सात बजे वह अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर धोलेड़ा जा रहे थे। जैसे ही वह गांव बिगोपुर से निकल कर धोलेड़ा क्रशर जोन की तरफ जाने लगे तो एक तेज रफ्तार ट्राले ने उनको अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को नागरिक अस्पताल पहुंचा। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। ख्यालीराम शादीशुदा थे और उनके दो बेटे और एक बेटी है। पुलिस ने अज्ञात ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।