फोटो नंबर- 13नारनौल डिपो से हैप्पी कार्ड कक्ष की खिड़की से कार्ड प्राप्त करते लोग। संवाद
- फोटो : 1
नारनौल। जिले में हैप्पी कार्ड वितरण अभियान तेजी से चल रहा है लेकिन मोबाइल नंबर बदल जाने की समस्या के कारण कई लाभार्थियों को परेशानी हो रही है। अब तक करीब 1.04 लाख लोगों को हैप्पी कार्ड वितरित किए जा चुके हैं जबकि लगभग 29 हजार कार्ड अभी भी वितरण के लिए बाकी हैं।
कार्ड वितरण की प्रक्रिया में पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जाता है जिसके सत्यापन के बाद ही कार्ड दिया जाता है। ऐसे में जिन लाभार्थियों ने आवेदन के बाद अपना मोबाइल नंबर बदल लिया है, वे कार्ड प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि उनका पुराना नंबर अब बंद हो चुका है या किसी अन्य व्यक्ति को आवंटित हो गया है।
सितंबर 2024 से अप्रैल 2026 के बीच करीब 34 हजार लोगों ने हैप्पी कार्ड के लिए आवेदन किया था। ये कार्ड अप्रैल में नारनौल डिपो पहुंचे, जिसके बाद वितरण शुरू किया गया। अब तक करीब 7 हजार कार्ड हाल के चरण में वितरित किए जा चुके हैं। मार्च 2024 में योजना शुरू होने के बाद जिले में कुल 1.02 लाख से अधिक कार्ड लाभार्थियों को दिए जा चुके हैं।
लोगों की सुविधा को देखते हुए अब नारनौल के साथ-साथ महेंद्रगढ़ बस स्टैंड पर भी कार्ड वितरण शुरू किया गया है। इसके लिए करीब 8 हजार कार्ड महेंद्रगढ़ भेजे गए हैं। विभाग ने बताया कि जिन आवेदकों के पिन कोड 123029, 123031 और 123034 क्षेत्र के हैं, वे महेंद्रगढ़ बस स्टैंड से कार्ड प्राप्त कर सकते हैं।
नारनौल डिपो के महाप्रबंधक देवदत्त ने कहा कि वितरण प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए दोनों स्थानों पर व्यवस्था की गई है। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि वे तभी कार्ड लेने आएं जब उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी प्राप्त हो जाए, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो और प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी की जा सके।