फोटो संख्या:74- भीषण गर्मी में सिर पर कपड़ा रखकर जाते विद्यार्थी--संवाद
महेंद्रगढ़/नारनौल। जिले में सूर्य देव इस समय जमकर कहर बरपा रहे हैं। नारनौल में सोमवार को तापमान में 2.8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई और पारा 44.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके साथ ही नारनौल प्रदेश में तीसरे स्थान पर सबसे गर्म शहर रहा। सुबह से ही चल रही लू में लोगों झुलसा रहे हैं।
हालात ऐसे हैं कि दोपहर होते-होते सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसर जा रहा है। लोग जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं। महेंद्रगढ़ में सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जिससे गर्मी का असर और बढ़ गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर जा सकता है। साथ ही अगले 10 दिनों तक राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है।
सुबह 8 बजे के बाद ही धूप तेज होने लगती है और दोपहर तक लू के थपेड़े लोगों को परेशान कर देते हैं। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है जिससे लोगों को दिन-रात गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस समय पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है इसलिए गर्मी का असर लगातार बना रहेगा। उधर, गर्मी बढ़ने के साथ बिजली और पानी की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को और ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है।
वर्जन
पिछले 24 घंटों में महेंद्रगढ़ के दिन के तापमान 44 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है कुछ स्थानों पर लू चल रही है। आने वाले दिनों में हरियाणा एनसीआर दिल्ली के अधिकांश भागों में तापमान में और अधिक उछाल देखने को मिलेगा।
-डॉ चंद्रमोहन, नोडल अधिकारी, पर्यावरण क्लब, राजकीय महाविद्यालय, नारनौल
लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी
जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की ओर से जनहित में लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। दोपहर 12 बजे से सायं 3 बजे के बीच धूप में सीधे न जाए। यदि बच्चे को चक्कर आए, उल्टी घबराहट अथवा तेज सिरदर्द हो, सीने में दर्द हो अथवा सांस लेने में कठिनाई हो तो चिकित्सक को दिखाएं। प्रशासन ने पशुओं के लिए भी पानी की व्यवस्था करने की अपील की है।