फोटो नंबर-13ग्रामीणो को जागरूक करती हुई विभागीय टीम। स्रोत: विभाग
नारनौल । जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जल एवं स्वच्छता सहायता संगठन की ओर से जिलेभर की ग्राम पंचायतों में जल संरक्षण अभियान चलाया जा रहा है। टीम ने 43 घरों का निरीक्षण किया गया। इनमें 6 घरों में बिना टोंटी के कनेक्शन व 6 स्थानों पर बिना स्टैंड पोस्ट के कनेक्शन पाए गए। इसके अलावा 23 अवैध जल कनेक्शन चिन्हित किए गए। संबंधित लोगों को पांच दिन के भीतर कनेक्शन वैध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। समय पर कार्रवाई नहीं करने पर पंचायत द्वारा कनेक्शन काटे जाएंगे।
अभियान के तहत विभागीय टीमें घर-घर जाकर लोगों को पेयजल संरक्षण, जल के सही उपयोग तथा पानी की बर्बादी रोकने के प्रति जागरूक कर रही हैं। जिला सलाहकार मंगतु राम सरसवा ने बताया कि अभियान के दौरान अवैध जल कनेक्शनों की पहचान करने के साथ-साथ लोगों को गर्मी के मौसम में पानी बचाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नल पर टोंटी लगाना जरूरी है व पेयजल का उपयोग बाड़ियों की सिंचाई में नहीं किया जाना चाहिए।
इसी क्रम में बीआरसी मोहित कुमार के नेतृत्व में खंड कनीना के गांव खैराना में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। टीम ने डोर-टू-डोर जाकर जल लीकेज की जांच की तथा बिना टोंटी वाले कनेक्शनों को चिन्हित किया। इसके अलावा बाड़ियों में उपयोग किए जा रहे अवैध जल कनेक्शनों की भी पहचान की गई।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को जल संरक्षण, पेयजल के सुरक्षित रखरखाव, अशुद्ध जल से होने वाली बीमारियों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही विभाग के टोल फ्री नंबर के बारे में भी अवगत कराया गया। अभियान के दौरान ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, नलकूप चालक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।