फोटो संख्या:53- राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़ में नुक्कड़ नाटक में हिस्सा लेते विद्यार्थी--स्रो
महेंद्रगढ़। राजकीय महाविद्यालय में नशा मुक्ति अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करना और उन्हें नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत नुक्कड़ नाटक से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने रचनात्मकता और प्रभावी संवाद के माध्यम से नशे के विभिन्न पहलुओं इसके कारण होने वाले सामाजिक, शारीरिक और मानसिक नुकसान के बारे में जानकारी दी। महाविद्यालय के प्राचार्य विजय यादव ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नशा युवा पीढ़ी के भविष्य को अंधकारमय बनाता है। इसे रोकने के लिए हमें न केवल खुद जागरूक होना होगा, बल्कि अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करना होगा।
कार्यक्रम के संयोजक एवं एंटी ड्रग सेल के प्रभारी प्रो. जितेंद्र कुमार वशिष्ठ ने भी विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और इससे बचने के उपायों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा समाज की जड़ों को कमजोर कर रहा है। इसे रोकने के लिए हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। इस कार्यक्रम के माध्यम से महाविद्यालय के विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश दिया। विद्यार्थियों की भागीदारी और उनके प्रयासों ने इस आयोजन को सफल और प्रेरणादायक बनाया। इस अवसर पर प्रो. लक्ष्मी नारायण, डॉ. बलजीत सिंह, डॉ. सोमवीर, डॉ. पविता यादव, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. अश्विनी कुमार सहित अन्य स्टाफ सदस्यों ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।