नारनौल। हरियाणा दिवस पर दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत जिले की 21 हजार महिलाओं को लाभार्थी संदेश प्राप्त हुआ। अभी केवल संदेश भेजा गया है। अभी राशि खातों में नहीं डाली गई है। आगामी दिनों में आवेदन करने वाली अन्य पात्र महिलाओं को भी संदेश भेजा जाएगा जिससे लाभार्थी महिलाओं की संख्या में इजाफा देखने को मिलेगा।
योजना शुरू होने के बाद जिले भर में करीब 41 हजार महिलाओं ने अब तक आवेदन किया है। लाडो लक्ष्मी योजना के लिए आवेदन करने की कोई अंतिम तिथि निर्धारित नहीं की गई है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को सरकार द्वारा हर माह 2100 रुपये की राशि दी जाएगी।
लाडो लक्ष्मी योजना के लिए आवेदन करने के बाद, पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एक संदेश आता है। जिसमें लिखा होता है कि योजना के तहत मिलने वाली राशि के बाद परिवार पहचान पत्र में आपकी इनकम बढ़ जाएगी। इसलिए योजना के तहत मिलने वाली राशि को कम करवाने व स्वीकृति के लिए संदेश आता है। आवेदक जब तक उस संदेश का जवाब नहीं देता तब तक उसका आवेदन अधूरा ही रहता है।
-
हरियाणा दिवस के अवसर पर सुबह संदेश आया कि मैं लाभार्थी बन गई हूं और मुझे लाभार्थी आईडी भी मिल गई। योजना के तहत मिलने वाली राशि अब सीधे मेरे खाते में आएगी। -मनीषा
दोपहर 2 बजकर 35 मिनट पर संदेश आया था और मुझे मेरी लाभार्थी आइडी मिल गई थी। लाभार्थी बनने के बाद उत्साहित हूं, योजना के तहत मिलने वाली राशि से आर्थिक रूप से सहयोग मिलेगा। -सुमन देवी