जींद। जींद पुलिस में अपनी सख्त कार्यशैली और निष्पक्ष कार्रवाई के लिए पहचान बनाने वाले इंस्पेक्टर रविंद्र शुक्रवार को पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त हो रहे हैं। लंबे सेवा काल के दौरान उन्होंने कई ऐसे मामलों में कार्रवाई की, जिनकी जिलेभर में चर्चा रही।
कानून के पालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाले रविंद्र धनखड़ ने कई बार राजनीतिक दबाव के बावजूद अपने कर्तव्य से समझौता नहीं किया। यही कारण रहा कि सोशल मीडिया पर भी लोग उनकी कार्यशैली की खुलकर सराहना करते रहे।
इंस्पेक्टर रविंद्र धनखड़ सबसे अधिक उस समय चर्चा में आए थे जब जींद में एक पुलिसकर्मी और जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला के पूर्व गनमैन के बीच जब्त बाइक को छुड़वाने को लेकर विवाद हुआ। उस दौरान रविंद्र ने उस बुलेट का 50 हजार का चालान किया और किसी के दबाव में नहीं आए।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और लोगों ने उनकी निष्पक्ष कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस वर्दी का सम्मान बनाए रखने वाला अधिकारी बताया। इसके कुछ समय बाद उन्होंने शहर में एक बुलेट मोटरसाइकिल को कथित रूप से पटाखे की आवाज निकालने पर जब्त कर लिया था। यह जींद के विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा के परिचित की बुलेट बाइक बताई गई थी।
बुलेट को छुड़वाने के लिए विधायक को स्वयं थाने पहुंचना पड़ा था, लेकिन इंस्पेक्टर ने बाइक नहीं छोड़ी और 53400 रुपये का चालान कर इंपाउंड कर दी। यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई।
एक अन्य मामले में जुलाना विधायक विनेश फोगाट ने उन पर ड्यूटी के दौरान शराब पीने का आरोप लगाया था। मामला चर्चा में रहा लेकिन बाद में आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी। इस घटनाक्रम के दौरान भी रविंद्र अपने पक्ष पर कायम रहे और उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी ड्यूटी के दौरान शराब का सेवन नहीं किया। इस मामले में भी उनकी कार्यशैली चर्चा का विषय बनी रही।